सिंगरौली। खनिज विभाग ने ग्राम निगरी (सरई) में 50 घन मीटर अवैध रेत जप्त की, जबकि देवसर तहसील के सहुआर व चकुआर में 175 घन मीटर रेत को नष्ट किया गया।
जिले में अवैध रेत भंडारण के मामलों पर खनिज विभाग ने कार्रवाई की है। खनिज अधिकारी सुश्री आकांक्षा पटेल के मार्गदर्शन में ग्राम निगरी, तहसील सरई में शासकीय भूमि पर अवैध रूप से भंडारित लगभग 50 घन मीटर रेत जप्त की गई। यह कार्रवाई सहायक खनि अधिकारी रामसुशील चौरसिया द्वारा रेत भंडारण के संबंध में प्राप्त शिकायत के आधार पर की गई। जप्त रेत को रेत नियमों के प्रावधानों के अनुसार ठेकेदार की सुपुर्दगी में दिया गया है। प्रकरण में खनिज नियमों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। इसी प्रकार, अनुविभागीय अधिकारी देवसर के निर्देशन में खनिज निरीक्षक अशोक मिश्रा एवं राजस्व अमले की संयुक्त टीम ने ग्राम सहुआर और चकुआर, तहसील देवसर में कार्रवाई की। यहां शासकीय भूमि पर अवैध रूप से भंडारित लगभग 175 घन मीटर रेत को प्राप्त निर्देशों के अनुसार नष्ट किया गया। इन मामलों में भी खनिज नियमों के तहत नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।




