पन्ना। मध्यप्रदेश के पन्ना जिले के देवेन्द्रनगर क्षेत्र के लिए शनिवार का दिन ऐतिहासिक रहा। नागौद से देवेन्द्रनगर तक नई मेमू ट्रेन के पहुंचने के साथ ही क्षेत्रवासियों का लंबे समय से देखा जा रहा रेल कनेक्टिविटी का सपना साकार होने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वर्चुअली हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया।
पन्ना जिले के देवेन्द्रनगर क्षेत्र के लिए शनिवार का दिन ऐतिहासिक रहा। नागौद से देवेन्द्रनगर तक मेमू ट्रेन पहुंचने के साथ ही क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वर्चुअल माध्यम से हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया। इस अवसर पर खजुराहो सांसद विष्णु दत्त शर्मा और गुनौर विधायक डॉ. राजेश वर्मा ने भी ट्रेन में सफर किया। ट्रेन के देवेन्द्रनगर पहुंचने पर स्थानीय लोगों में उत्साह और खुशी का माहौल रहा। लंबे समय से रेल सुविधा की प्रतीक्षा कर रहे क्षेत्रवासियों को अब आवागमन के बेहतर विकल्प मिलने की उम्मीद है। रेल सेवा शुरू होने से पन्ना, सतना और रीवा सहित आसपास के क्षेत्रों के बीच संपर्क मजबूत होगा। इससे विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, किसानों और व्यापारियों को लाभ मिलने की संभावना है। रेलवे से प्राप्त जानकारी के अनुसार, आठ कोच वाली मेमू ट्रेन सप्ताह में छह दिन संचालित होगी। रविवार को ट्रेन का संचालन नहीं होगा, जबकि नियमित सेवा 26 अक्टूबर से शुरू होने की जानकारी दी गई है।
Also Read
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने वर्चुअल संबोधन में कहा कि विंध्य और बुंदेलखंड के लिए यह महत्वपूर्ण उपलब्धि है। रेल नेटवर्क के विस्तार से किसानों को अपनी उपज बड़े बाजारों तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी। साथ ही व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और आम नागरिकों के लिए यात्रा सुगम होगी। उन्होंने रेल सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि रेल कनेक्टिविटी का विस्तार विंध्य और बुंदेलखंड के विकास को नई दिशा देगा। इससे पन्ना, रीवा, सीधी, सिंगरौली और सतना सहित विभिन्न क्षेत्रों को बेहतर संपर्क सुविधा मिलने की उम्मीद है। मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश के बीच आवागमन को भी इससे मजबूती मिलेगी।
खजुराहो सांसद विष्णु दत्त शर्मा ने कहा कि पन्ना जिले को रेल संपर्क से जोड़ना क्षेत्र की जनता का वर्षों पुराना सपना रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के समय शुरू हुई इस दिशा की पहल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने आशा जताई कि रेल सुविधाओं के विस्तार से बुंदेलखंड में विकास, व्यापार और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। सांसद ने यह भी कहा कि आने वाले समय में पन्ना, देवेन्द्रनगर, चुरहट और सीधी को खजुराहो से जोड़ने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। इससे क्षेत्र के लोगों को दूसरे शहरों तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी।



