सिंगरौली। जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नवानगर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 2 किलोग्राम गांजा और परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है।
जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नवानगर पुलिस ने दो आरोपियों को 2 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा परिवहन में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल भी जब्त की है। जब्त गांजा और मोटरसाइकिल की कुल अनुमानित कीमत 82 हजार रुपये बताई गई है।
Also Read
पुलिस के मुताबिक, 20 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि माजन कला निवासी दो व्यक्ति गांजा बिक्री के लिए निगाही स्थित पटेल होटल के पास आने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की। इसी दौरान निगाही खदान रोड की ओर से मोटरसाइकिल पर पहुंचे दोनों संदिग्ध पुलिस को देखकर भागने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल की डिग्गी से दो पैकेट में रखा 2 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 32 हजार रुपये है। पुलिस ने करीब 50 हजार रुपये कीमत की पैशन प्रो मोटरसाइकिल भी जब्त की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जमाहिर लाल शाह (45) और कमलेश कुशवाहा (35), निवासी माजन कला, थाना नवानगर के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20(बी) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है।




