सिंगरौली। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह अटल सामुदायिक भवन, बिलौजी में गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया।
धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह का आयोजन अटल सामुदायिक भवन, बिलौजी में गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्रदेश की पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह ने भगवान बिरसा मुंडा के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया।
समारोह को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री राधा सिंह ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन मातृभूमि, संस्कृति और स्वाभिमान की रक्षा के लिए संघर्ष करने की अद्भुत मिसाल है। उन्होंने अंग्रेजी शासन के विरुद्ध उनके संघर्ष, अदम्य साहस और जनजातीय समाज के अधिकारों के लिए किए गए योगदान को याद करते हुए कहा कि जल, जंगल और जमीन जनजातीय समाज की पहचान एवं सांस्कृतिक विरासत के अभिन्न अंग हैं। जनजातीय समाज ने सदैव प्रकृति, पर्यावरण और अपनी परंपराओं के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में जनजातीय महापुरुषों के योगदान को सम्मान देने के साथ जनजातीय समाज के सामाजिक, शैक्षणिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। विधायक रामनिवास शाह ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा स्वतंत्रता संग्राम के अग्रणी सेनानी होने के साथ जनजातीय अस्मिता और सामाजिक जागरण के प्रतीक हैं। उनके विचार आज भी समाज को अपनी संस्कृति और परंपराओं की रक्षा करने की प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम के दौरान जनजातीय गौरव दिवस के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से कन्या महाविद्यालय से रैली निकाली गई। वहीं प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के उद्बोधन का सीधा प्रसारण भी किया गया। विद्यार्थियों ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन और संघर्ष पर आधारित नाटक का प्रभावशाली मंचन कर उनके बलिदान एवं राष्ट्र के प्रति योगदान को प्रस्तुत किया।समारोह में जनजातीय समाज की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं आर्थिक सहायता प्रदान की गई। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय बरगवां के छात्र नीरज सिंह, उदय लाल एवं अवधेश ने चौथी राज्य स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर राज्यपाल से सम्मान हासिल किया। वहीं एमपी-पीएससी के माध्यम से तृतीय श्रेणी पद पर चयनित शकुन्तला सिंह एवं किरन पनिका को 20-20 हजार रुपये तथा नीट के माध्यम से एमबीबीएस में चयनित प्रशांत सिंह को 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।
Advertisement
Google पर हमें फॉलो करें
Google Preferred Sources में Urjanchal Tiger को शामिल करें