मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ में पति की गला दबाकर हत्या करने और वारदात को सांप के काटने से हुई मौत दिखाने के सनसनीखेज मामले में अदालत ने पत्नी रविता और उसके प्रेमी अमरदीप को फांसी की सजा सुनाई है।
पति की गला दबाकर हत्या, फिर मौत को सांप के काटने का रूप देकर पुलिस को गुमराह करने की सनसनीखेज साजिश का अदालत में पर्दाफाश हो गया। मेरठ की अदालत ने इस जघन्य हत्याकांड में दोषी पत्नी रविता और उसके प्रेमी अमरदीप को फांसी की सजा सुनाई है। दोनों ने अमित कश्यप की हत्या के बाद वारदात को हादसा दिखाने के लिए उसके बिस्तर पर सांप छोड़ दिया था। मामला 12 अप्रैल 2025 की रात का है। मेरठ के बहसूमा क्षेत्र के अकबरपुर सादात गांव में अमित कश्यप की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। शुरुआत में घटना को सांप के काटने से जोड़ने की कोशिश की गई, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पूरी कहानी पलट दी। रिपोर्ट में अमित की मौत गला दबाने से होने की पुष्टि हुई, जिसके बाद पुलिस ने हत्या के एंगल से जांच तेज कर दी।
Also Read
पुलिस जांच में सामने आया कि घटना वाले दिन रविता और अमरदीप के बीच 50 से अधिक बार फोन पर बातचीत हुई थी। कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मामले की कड़ियां जोड़ीं और हत्या की साजिश का खुलासा किया। इसके बाद पत्नी रविता और उसके प्रेमी अमरदीप को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। मामले की सुनवाई के दौरान एडीजे-12 जयवीर सिंह नागर की अदालत ने 7 अक्टूबर को दोनों आरोपियों को दोषी ठहराया था। शुक्रवार को दोनों आरोपी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जेल से अदालत में पेश हुए। दोनों पक्षों को सुनने के बाद अदालत ने रविता और अमरदीप को मृत्युदंड की सजा सुनाई।




