रतलाम। जिले के डीडी नगर थाने के बाहर शुक्रवार देर रात पारिवारिक विवाद को लेकर हंगामा हो गया। क्रॉस एफआईआर दर्ज होने से नाराज दो सगी बहनों ने कथित तौर पर खुद पर डीजल डाल लिया। उन्हें रोकने के दौरान थाना प्रभारी अनुराग यादव समेत दो पुलिसकर्मी घायल हो गए।
जिले के दीनदयाल नगर (डीडी नगर) थाना परिसर के बाहर शुक्रवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब पारिवारिक विवाद से परेशान दो सगी बहनों ने पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ट होकर खुद पर डीजल डाल लिया। घटना के दौरान दोनों को रोकने और उनके हाथ से डीजल की केन व माचिस लेने की कोशिश में थाना प्रभारी अनुराग यादव समेत दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुस्कान टांक ने कुछ दिन पहले अपने पड़ोसियों के खिलाफ मारपीट और प्रताड़ना की शिकायत दर्ज कराई थी। मुस्कान का आरोप था कि पड़ोसी लंबे समय से उन्हें परेशान कर रहे हैं, घर के सामने बीयर की बोतलें फेंकते हैं और उनके साथ मारपीट करते हैं। बताया गया कि उनकी शिकायत पर पुलिस ने पहले भी कार्रवाई की थी। शुक्रवार को मुस्कान एक बार फिर थाने पहुंची। इसी दौरान दूसरे पक्ष की शिकायत पर भी पुलिस ने क्रॉस एफआईआर दर्ज कर ली। दूसरे पक्ष की निकिता टांक ने आरोप लगाया था कि मुस्कान और उसके भाई सावन ने गैलरी में खड़े प्रियांशु टांक के साथ गाली-गलौज और मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। इस शिकायत में मनोज टांक, राजू टांक, आशु टांक, प्रियांशु टांक और यश टांक के नाम भी सामने आए हैं। दोनों पक्षों की शिकायत पर अलग-अलग मामला दर्ज होने के बाद विवाद और बढ़ गया। आरोप है कि इससे नाराज होकर मुस्कान और उसकी बहन थाने के बाहर पहुंचीं और अपने ऊपर डीजल डाल लिया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप कर दोनों को रोकने और उनके हाथ से माचिस व डीजल की केन छीनने का प्रयास किया। इस दौरान हुई झूमाझटकी में थाना प्रभारी अनुराग यादव के गले में चोट आई, जबकि एक अन्य पुलिसकर्मी भी संघर्ष के दौरान फर्श पर गिरकर घायल हो गया।
घटना के दौरान सामने आए वीडियो में कथित तौर पर एक युवक युवतियों को उकसाते हुए सुनाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि युवक ने पुलिस पर दबाव बनाने के लिए माचिस जलाने जैसी बातें कही थीं। सूत्रों के अनुसार, उक्त युवक के सत्ताधारी दल से जुड़े पदाधिकारी होने की बात भी सामने आई है। हालांकि, उसकी भूमिका और राजनीतिक संबंधों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस कथित उकसावे सहित घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।




