सिंगरौली। एनसीएल अमलोरी परियोजना में आउटसोर्सिंग कंपनी के माध्यम से काम कर रहे एक स्थानीय व्यक्ति को कथित तौर पर बिना किसी कारण और पूर्व सूचना के नौकरी से हटाए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित राजमन शाह निवासी ग्राम अमझर, तहसील व जिला सिंगरौली ने कलेक्टर को आवेदन सौंपकर बकाया वेतन दिलाने और दोबारा नौकरी पर रखवाने की मांग की है।
रोजगार की उम्मीद लेकर एनसीएल अमलोरी परियोजना में काम करने पहुंचे स्थानीय युवक को नौकरी से हटाए जाने का मामला सामने आया है। ग्राम अमझर निवासी राजमन शाह ने आउटसोर्सिंग कंपनी पर बिना किसी पूर्व सूचना के काम से बाहर करने और मेहनताना नहीं देने का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने जिला कलेक्टर को आवेदन सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है। आवेदन के अनुसार, राजमन शाह का कहना है कि वे एनसीएल अमलोरी परियोजना में आउटसोर्सिंग कंपनी के माध्यम से 1 फरवरी 2025 से ड्यूटी कर रहे थे। आरोप है कि कंपनी ने उनसे एक महीने तक काम कराने के बाद बिना कोई कारण बताए और न ही पूर्व सूचना दिए काम से हटा दिया। उनका यह भी आरोप है कि काम के बदले उन्हें भुगतान नहीं किया गया।
Also Read
पीड़ित ने आवेदन में बताया कि अपनी समस्या को लेकर उन्होंने संबंधित कंपनी और एनसीएल अमलोरी परियोजना के अधिकारियों से संपर्क किया, लेकिन उनकी शिकायत पर कोई सुनवाई नहीं हो रही है। राजमन शाह ने कलेक्टर से मामले की जांच कराकर बकाया मेहनताना दिलाने और पुनः नौकरी पर रखवाने की मांग की है। आवेदन की प्रतिलिपि पुलिस अधीक्षक सिंगरौली एवं थाना प्रभारी नवानगर को भी भेजी गई है।



