सिंगरौली। जयंत स्थित कंचन ज्वेलर्स में हुई सनसनीखेज हथियारबंद डकैती के मामले में सिंगरौली पुलिस ने छठवें और अंतिम फरार आरोपी राहुल कुमार को जबलपुर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही 17 सितंबर को हुई डकैती में शामिल सभी छह आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ गए हैं।
जिले के जयंत के बहुचर्चित कंचन ज्वेलर्स डकैती कांड में सिंगरौली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए छठवें और अंतिम फरार आरोपी राहुल कुमार को जबलपुर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही 17 सितंबर 2026 को हुई सनसनीखेज डकैती में शामिल सभी छह आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ गए हैं। आरोपी की निशानदेही पर सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, देशी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
Also Read
पुलिस जांच के मुताबिक, आरोपियों ने कंचन ज्वेलर्स को निशाना बनाने की योजना करीब एक महीने पहले तैयार की थी। वारदात को अंजाम देने के लिए झारखंड में हथियारों के बल पर दो अपाचे मोटरसाइकिलें लूटी गईं और उन्हें उत्तर प्रदेश के अनपरा में पहुंचाया गया। आरोपियों ने दुकान की गतिविधियों और ग्राहकों की संख्या का जायजा लेने के लिए तीन बार रेकी की। इसके बाद 17 सितंबर की शाम बजरंग कॉम्प्लेक्स स्थित कंचन ज्वेलर्स में हथियारों के बल पर डकैती डाल दी। वारदात के दौरान बदमाशों ने दुकान संचालक अखिलेश कुमार वर्मा और कर्मचारियों को हथियारों के बल पर आतंकित किया। विरोध करने पर संचालक के सिर पर हथियार के बट से वार किया गया, जबकि कर्मचारी राहुल विश्वकर्मा को गोली मार दी गई। बदमाश सोने-चांदी के आभूषण और करीब 2.50 लाख रुपये नकद लूटकर फरार हो गए थे। घटना के बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों से मिली सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने अलग-अलग राज्यों में दबिश देकर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। छठवां आरोपी राहुल कुमार फरारी के दौरान चेन्नई पहुंच गया था। उसकी गतिविधियों की जानकारी मिलने पर जयंत पुलिस ने साइबर सेल सिंगरौली और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) जबलपुर के साथ समन्वय स्थापित किया। आखिरकार उसे जबलपुर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया गया।



