भोपाल। राजधानी भोपाल के कटाराहिल्स थाने में दर्ज जुआ प्रकरण में पुलिस अधिकारियों के आचरण पर सवाल उठने के बाद पुलिस विभाग ने कार्रवाई की है। पुलिस उपायुक्त, जोन-2 नगरीय पुलिस भोपाल ने थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील दुबे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जुआ प्रकरण में संदिग्ध आचरण सामने आने के बाद भोपाल पुलिस विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। कटाराहिल्स थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील दुबे को पुलिस उपायुक्त, जोन-2 ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर 15 दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस उपायुक्त कार्यालय से 26 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार, कटाराहिल्स थाने में अपराध क्रमांक 338/26 के तहत सार्वजनिक जुआ अधिनियम, 1867 की धारा 3 एवं 4 में कार्रवाई के दौरान थाना प्रभारी सुनील दुबे का आचरण संदेहास्पद पाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने का निर्णय लिया है। जारी आदेश में निरीक्षक सुनील दुबे को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय भोपाल स्थित रिजर्व केंद्र निर्धारित किया गया है। आदेश के मुताबिक, निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा। पुलिस उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को प्रकरण की निष्पक्ष एवं विस्तृत प्राथमिक जांच कर 15 दिनों के भीतर जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। आदेश की प्रतिलिपि पुलिस आयुक्त, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, पुलिस उपायुक्त मुख्यालय तथा अन्य संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।



