Instagram 90-Minute Videos : सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Instagram अपने वीडियो फीचर्स में बड़ा बदलाव करने की तैयारी कर रहा है। कंपनी 90 मिनट तक के वीडियो अपलोड करने की सुविधा का परीक्षण कर रही है। इस नए फीचर से कंटेंट क्रिएटर्स को लंबे वीडियो शेयर करने का मौका मिल सकता है। साथ ही, Instagram की नजर YouTube के लंबे वीडियो वाले बाजार पर भी मानी जा रही है।
Instagram पर 90 मिनट के वीडियो का परीक्षण
Instagram अब तक मुख्य रूप से छोटे वीडियो यानी Reels के लिए लोकप्रिय रहा है। लेकिन नए ‘Features’ फॉर्मेट के जरिए प्लेटफॉर्म लंबे वीडियो को भी बढ़ावा देने की कोशिश कर रहा है। इससे इंटरव्यू, एजुकेशनल कंटेंट, पॉडकास्ट और एंटरटेनमेंट वीडियो बनाने वाले क्रिएटर्स को फायदा हो सकता है।
Also Read
कंपनी लंबे वीडियो के कुछ हिस्सों को Reels में बदलने की सुविधा ‘Clips as Reels’ का भी परीक्षण कर रही है। इससे क्रिएटर्स छोटे क्लिप के जरिए दर्शकों को पूरा वीडियो देखने के लिए आकर्षित कर सकेंगे।
Instagram से YouTube जैसी कमाई होगी ?
YouTube पर योग्य क्रिएटर्स को वीडियो पर दिखने वाले विज्ञापनों से होने वाली कमाई का हिस्सा मिलता है। इसके विपरीत, Instagram पर कई क्रिएटर्स की कमाई मुख्य रूप से ब्रांड प्रमोशन, स्पॉन्सरशिप और सब्सक्रिप्शन जैसे माध्यमों पर निर्भर करती है।

Instagram के प्रमुख एडम मोसेरी भी क्रिएटर्स की कमाई में ब्रांड साझेदारी की अहम भूमिका का उल्लेख कर चुके हैं। हालांकि, कंपनी ने नए 90 मिनट के वीडियो फीचर के लिए YouTube जैसा विज्ञापन रेवेन्यू शेयरिंग मॉडल घोषित नहीं किया है।इसलिए केवल लंबे वीडियो अपलोड करने से सीधे कमाई शुरू होने की गारंटी नहीं है।
कब मिलेगा नया फीचर ?
रिपोर्ट के अनुसार, Instagram पहले ब्राजील में इस फीचर का परीक्षण कर रहा है और आगे अमेरिका के कुछ यूजर्स तक इसका विस्तार किया जा सकता है। फिलहाल इसकी वैश्विक लॉन्चिंग की निश्चित तारीख सामने नहीं आई है।
अगर Instagram भविष्य में लंबे वीडियो पर विज्ञापन से कमाई का हिस्सा देने लगता है, तो यह क्रिएटर्स के लिए बड़ा बदलाव हो सकता है। फिलहाल इस फीचर की उपलब्धता और कमाई से जुड़ी शर्तों पर आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।



