सिंगरौली। एनटीपीसी विंध्याचल में कार्यस्थल पर सुरक्षा संस्कृति को मजबूत बनाने के उद्देश्य से 25 नवंबर को सीएचपी क्षेत्र में मेगा पेप टॉक एवं नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन माह के मूल मूल्य ‘समग्र गुणवत्ता एवं सुरक्षा’ तथा एनटीपीसी सुरक्षा माह के तहत किया गया।
कार्यस्थल पर दुर्घटनाओं की रोकथाम और सुरक्षित कार्य संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एनटीपीसी विंध्याचल में 25 नवंबर को सीएचपी क्षेत्र में मेगा पेप टॉक एवं नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। एनटीपीसी सुरक्षा माह एवं माह के मूल मूल्य ‘समग्र गुणवत्ता एवं सुरक्षा’ के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों और श्रमिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम में महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) श्री एम. सुरेश मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सुरक्षा शपथ दिलाते हुए कहा कि सुरक्षा केवल कार्यस्थल तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि इसे जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना जरूरी है। प्रत्येक कार्य में सतर्कता, अनुशासन और सुरक्षा मानकों का पालन दुर्घटनाओं को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
वरिष्ठ अधिकारियों ने सुरक्षा के प्रति व्यक्तिगत जिम्मेदारी तय करने, कार्य शुरू करने से पहले संभावित जोखिमों का आकलन करने तथा निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं का अनिवार्य रूप से पालन करने पर विशेष जोर दिया। अपर महाप्रबंधक (सुरक्षा) श्री वी.एच. राव मद्दीपटला ने कार्यस्थल पर मौजूद व्यावसायिक जोखिमों और उनसे बचाव के उपायों पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी। कार्यक्रम को और प्रभावशाली बनाते हुए श्रमिकों ने अपने कार्यक्षेत्र में अपनाई जाने वाली सुरक्षा संबंधी आदतों एवं अनुभवों को साझा किया। वहीं, आकर्षक नुक्कड़ नाटक के माध्यम से रचनात्मक प्रस्तुति देकर यह संदेश दिया गया कि छोटी-सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है, इसलिए सुरक्षा नियमों का पालन प्रत्येक कर्मचारी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के समापन पर सुरक्षित कार्य पद्धतियों के प्रति उत्कृष्ट प्रतिबद्धता प्रदर्शित करने वाले 35 से अधिक श्रमिकों को सम्मानित किया गया। इस आयोजन के माध्यम से एनटीपीसी विंध्याचल ने स्पष्ट संदेश दिया कि उत्पादन और कार्य की गुणवत्ता के साथ कर्मचारियों की सुरक्षा सर्वोपरि है। सुरक्षित कार्य संस्कृति, सामूहिक जिम्मेदारी और सतत जागरूकता के माध्यम से ही दुर्घटनामुक्त कार्यस्थल का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
Advertisement
Google पर हमें फॉलो करें
Google Preferred Sources में Urjanchal Tiger को शामिल करें