सिंगरौली। शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने के उद्देश्य से नगर निगम एवं प्रदूषण विभाग की संयुक्त टीम ने बैढ़न क्षेत्र में दुकानों का निरीक्षण कर प्रतिबंधित सिंगल यूज पॉलीथिन जप्त की। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों पर चालानी कार्रवाई करते हुए जुर्माना लगाया गया।
शहर को प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक एवं पॉलीथिन से मुक्त बनाने के लिए नगर पालिक निगम और प्रदूषण विभाग ने संयुक्त रूप से कार्रवाई शुरू कर दी है। नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान के निर्देश पर बैढ़न जोन में दुकानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान प्रतिबंधित पॉलीथिन का भंडारण एवं उपयोग करने वाले दुकानदारों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए पॉलीथिन जब्त की गई। संयुक्त जांच अभियान के दौरान टीम ने दुकानदारों को स्पष्ट रूप से समझाइश दी कि प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग और विक्रय न करें। साथ ही पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने और पॉलीथिन के विकल्प के रूप में कपड़े एवं कागज के थैलों का इस्तेमाल करने की अपील की गई।
नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ जांच एवं कार्रवाई का अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान नगर निगम की ओर से स्वच्छता निरीक्षक पवन बरोदे, स्वच्छता उप पर्यवेक्षक अशोक त्रिपाठी तथा प्रदूषण विभाग की ओर से आलोक राय, सूरज दुबे एवं टी.पी. साकेत सहित टीम के सदस्य मौजूद रहे।
Advertisement
Google पर हमें फॉलो करें
Google Preferred Sources में Urjanchal Tiger को शामिल करें