सिंगरौली। नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) मुख्यालय में आयोजित चार दिवसीय अंतर-क्षेत्रीय बैडमिंटन प्रतियोगिता 2026-27 का सोमवार को सफलतापूर्वक समापन हुआ। 20 से 23 नवंबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में जयंत क्षेत्र के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया, जबकि एनसीएल मुख्यालय उपविजेता रहा।
नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) मुख्यालय में आयोजित अंतर-क्षेत्रीय बैडमिंटन प्रतियोगिता 2026-27 का सोमवार को उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हुआ। चार दिनों तक चली इस खेल प्रतिस्पर्धा में जयंत क्षेत्र के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और शानदार खेल कौशल का परिचय देते हुए टीम चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया। वहीं एनसीएल मुख्यालय की टीम उपविजेता रही। 20 से 23 नवंबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में एनसीएल के विभिन्न क्षेत्रों एवं इकाइयों से कुल 137 खिलाड़ियों ने भाग लिया। इनमें 116 पुरुष और 21 महिला खिलाड़ी शामिल रहीं। प्रतियोगिता में एकल, युगल और टीम चैंपियनशिप के मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन कर खेल भावना और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का परिचय दिया।
पुरुष एकल वर्ग में जयंत क्षेत्र के मनीष कुमार विश्वकर्मा ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि झिंगुरदा के अनूप कुमार दूसरे स्थान पर रहे। पुरुष युगल वर्ग में जयंत के मनीष कुमार विश्वकर्मा एवं सैफ अली की जोड़ी विजेता बनी। वरिष्ठ पुरुष एकल वर्ग में झिंगुरदा के शंकर बदवथ तथा अति वरिष्ठ पुरुष एकल वर्ग में जयंत के राजीब घोष ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। महिला वर्ग में भी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। एकल मुकाबले में मुख्यालय की मनीषा छेत्री विजेता और साबिया उपविजेता रहीं। वहीं महिला युगल वर्ग में मनीषा छेत्री एवं साबिया की जोड़ी ने प्रथम स्थान हासिल कर मुख्यालय का गौरव बढ़ाया।
एनसीएल प्रबंधन द्वारा कर्मचारियों में खेल भावना विकसित करने, शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने तथा आपसी समन्वय को मजबूत करने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है। अंतर-क्षेत्रीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का सफल आयोजन इसी पहल का हिस्सा रहा, जिसमें खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
Advertisement
Google पर हमें फॉलो करें
Google Preferred Sources में Urjanchal Tiger को शामिल करें