जबलपुर। शहर में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने छोटी ओमती इलाके से तीन अफगानी नागरिकों को हिरासत में लिया है। आरोप है कि तीनों के पास भारत में रहने के वैध दस्तावेज और वीजा नहीं हैं।
मध्यप्रदेश की संस्कारधानी जबलपुर में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। एटीएस की टीम ने छोटी ओमती इलाके से तीन अफगानी नागरिकों को हिरासत में लिया है। आरोप है कि तीनों के पास भारत में रहने के वैध दस्तावेज और वीजा नहीं हैं, जबकि उनके पासपोर्ट भी फर्जी होने का संदेह है। इस कार्रवाई के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हलचल तेज हो गई है। जानकारी के अनुसार, एटीएस ने गुरुवार को तीनों संदिग्धों को हिरासत में लेने के बाद मेडिकल परीक्षण कराया और न्यायालय में पेश किया। जहां से उन्हें पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया गया है। फिलहाल एटीएस ने उनकी पहचान और नाम सार्वजनिक नहीं किए हैं। बताया जा रहा है कि तीनों काफी समय से जबलपुर में रह रहे थे। एटीएस अब इस पूरे मामले की तह तक पहुंचने में जुटी है। जांच एजेंसी यह पता लगा रही है कि तीनों अफगानी नागरिक भारत में किस रास्ते से दाखिल हुए, उनके फर्जी पासपोर्ट और अन्य दस्तावेज किसने तैयार कराए तथा जबलपुर में उन्हें किन लोगों का संरक्षण और सहयोग मिल रहा था। उनके स्थानीय संपर्कों, ठिकानों और संभावित नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। इस संबंध में अफगानिस्तान के दूतावास से भी संपर्क किए जाने की जानकारी सामने आई है।
जबलपुर में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर रह रहे अफगानी नागरिकों का मामला नया नहीं है। इससे पहले भी एटीएस छोटी ओमती से लगे इलाके में कार्रवाई करते हुए छह अफगानी नागरिकों को पकड़ चुकी है। उनके दस्तावेजों की वैधता को लेकर भी गंभीर सवाल सामने आए थे। अब तीन और संदिग्धों की गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसियां पुराने और नए मामलों के बीच संभावित कनेक्शन तलाश रही हैं।
Advertisement
Google पर हमें फॉलो करें
Google Preferred Sources में Urjanchal Tiger को शामिल करें