सिंगरौली। नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) में साइबर सुरक्षा जागरूकता माह के तहत विशेष सत्र आयोजित किया गया। इसमें साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ कुलदीप वर्मा ने ऑनलाइन धोखाधड़ी, यूपीआई-ओटीपी ठगी, फिशिंग और सोशल मीडिया से जुड़े साइबर खतरों के प्रति प्रतिभागियों को जागरूक किया।
नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) में साइबर सुरक्षा जागरूकता माह के अंतर्गत शुक्रवार को विशेष जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य कर्मियों एवं हितग्राहियों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के उपाय बताना और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम में साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ कुलदीप वर्मा ने अतिथि वक्ता के रूप में प्रतिभागियों को साइबर सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने ऑनलाइन ठगी, यूपीआई के माध्यम से होने वाले धोखाधड़ी के मामलों, ओटीपी की गोपनीयता, फिशिंग और सोशल मीडिया पर मौजूद साइबर खतरों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने समझाया कि डिजिटल सुविधाओं के बढ़ते उपयोग के साथ साइबर अपराधों के तरीकों में भी बदलाव आ रहा है। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति को सतर्क रहना और डिजिटल सुरक्षा के नियमों का पालन करना जरूरी है।
Also Read
विशेषज्ञ ने अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचने, किसी भी व्यक्ति के साथ ओटीपी, पासवर्ड और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने तथा संदिग्ध फोन कॉल और संदेशों को लेकर सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने और ऑनलाइन लेन-देन के दौरान आवश्यक सतर्कता अपनाने पर भी जोर दिया। साथ ही प्रतिभागियों को साइबर सुरक्षा से जुड़ी अच्छी आदतों को दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। सत्र के दौरान प्रतिभागियों ने साइबर सुरक्षा से जुड़े विभिन्न सवाल पूछे, जिनका विशेषज्ञ ने जवाब दिया। इसके माध्यम से ऑनलाइन धोखाधड़ी के संभावित तरीकों और उनसे बचने के व्यावहारिक उपायों को समझने का अवसर मिला। कार्यक्रम में यह संदेश दिया गया कि साइबर सुरक्षा केवल तकनीकी प्रणालियों तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति की जागरूकता, सावधानी और जिम्मेदारी भी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इस अवसर पर एनसीएल मुख्यालय के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों सहित लगभग 80 कर्मियों एवं हितग्राहियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का समन्वयन एनसीएल के सिस्टम विभाग द्वारा किया गया।




