सिंगरौली। धनतेरस के शुभ अवसर पर सिंगरौली पुलिस ने आम नागरिकों को ऐसा तोहफा दिया, जिससे कई परिवारों के चेहरों पर मुस्कान लौट आई। पुलिस ने 100 से अधिक गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे। दीपावली से पहले अपनी खोई हुई अमानत वापस पाकर लोगों ने पुलिस के प्रति आभार जताया।
धनतेरस के अवसर पर सिंगरौली पुलिस ने अपनी संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा की अनूठी मिसाल पेश करते हुए 100 से अधिक लोगों को उनके गुम हुए मोबाइल फोन वापस सौंपे। दीपावली के त्योहार से पहले खोई हुई अमानत वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी देखते ही बनी। किसी के लिए मोबाइल रोजमर्रा की जरूरत था, तो किसी के लिए उसमें सहेजी अपनों की यादें और महत्वपूर्ण जानकारियां अनमोल थीं।
Also Read
पुलिस अधीक्षक श्री षियाज के.एम. (भा.पु.से.) के नेतृत्व एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सर्वप्रिय सिन्हा के मार्गदर्शन में सिंगरौली पुलिस ने वर्ष 2026 में मोबाइल बरामदगी के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। 1 जनवरी से 31 अक्टूबर तक जिले में 1100 से अधिक गुम मोबाइल बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 30 लाख रुपये बताई गई है। खास बात यह है कि पिछले चार महीनों में ही 400 से अधिक मोबाइल रिकवर किए गए, जिनकी कीमत लगभग 45 लाख रुपये है। इस सफलता के पीछे जिले के समस्त थानों एवं चौकियों की सक्रियता, साइबर सेल की तकनीकी दक्षता और बेहतर आपसी समन्वय रहा। CEIR पोर्टल एवं तकनीकी विश्लेषण की मदद से गुम मोबाइलों का पता लगाकर उन्हें उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाया गया।
मोबाइल वापस मिलने पर नागरिकों ने सिंगरौली पुलिस का आभार व्यक्त किया। पुलिस की इस पहल ने यह संदेश दिया कि आमजन की छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए पुलिस लगातार प्रयासरत है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल गुम होने पर तत्काल नजदीकी थाना या चौकी में सूचना दें तथा संचार साथी के CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।
मोबाइल बरामदगी अभियान में साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक पवन सिंह कुशराम, आरक्षक प्रफुल बनखेड़े, वीरन सिंह, प्रशांत केशरी, राहुल कुशरो, नंद किशोर रुहैला, संदीप वर्मा, अशोक कुशवाहा, सुरेश परस्ते, अभिषेक सिंह, योगेश विश्वकर्मा, राजा, प्रभात दुबे, अरुणेन्द्र मिश्रा, शिवेन्द्र सिंह, रामकृष्ण बागरी, सुदर्शन चौहान एवं अजय यादव सहित विभिन्न थानों और चौकियों के पुलिसकर्मियों की सराहनीय भूमिका रही।



