सिंगरौली जिले में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में बीते दो दिनों के भीतर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर कुल 910 ग्राम गांजा जब्त किया है। इस कार्रवाई में 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन श्री गौरव राजपूत के निर्देशन, उप पुलिस महानिरीक्षक रीवा श्री हेमंत चौहान के मार्गदर्शन में पुलिस अधीक्षक सिंगरौली श्री षियाज के.एम. के नेतृत्व एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सर्वप्रिय सिन्हा के पर्यवेक्षण में की गई।
Also Read
विंध्यनगर और जयंत पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
थाना विंध्यनगर और चौकी जयंत की संयुक्त टीम ने तीन अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने अनिल उर्फ भोला कुशवाहा के पास से 252 ग्राम, कुसुम देवी के कब्जे से 168 ग्राम और आशीष कुमार सोनी के पास से 201 ग्राम गांजा बरामद किया। इस तरह कुल 621 ग्राम गांजा जब्त किया गया। तीनों आरोपियों के खिलाफ धारा 8/20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अर्चना द्विवेदी सहित पुलिस टीम के कई अधिकारियों और कर्मचारियों की अहम भूमिका रही।
बैढ़न थाना पुलिस की कार्रवाई
वहीं थाना बैढ़न पुलिस ने बलियरी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए करण शाह (24 वर्ष) को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 289 ग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4,500 रुपये बताई गई है, जब्त किया गया। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 1045/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20(बी) में मामला दर्ज किया गया है।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक विनय शुक्ला सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।





