सहारनपुर : उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद को लेकर चल रहा विवाद शनिवार सुबह बड़ा रूप ले गया, जब प्रशासन ने तड़के बुलडोजर चलाकर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी। सुबह करीब 4 बजे शुरू हुई इस कार्रवाई में मस्जिद का एक हिस्सा गिरा दिया गया, जबकि पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए।
शुक्रवार देर रात से ही मस्जिद गिराए जाने की खबरें शहर में फैलने लगी थीं। इसके बाद कलेक्ट्रेट परिसर के आसपास पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई। सुबह होते-होते प्रशासन ने बुलडोजर के जरिए कार्रवाई शुरू कर दी और आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई।
Also Read
बताया जा रहा है कि इस कार्रवाई के पीछे जिला अदालत का आदेश है, जिसमें मस्जिद पक्ष की अपील को खारिज कर दिया गया था। अदालत ने संबंधित जमीन को सरकारी भूमि माना और सिटी मजिस्ट्रेट के पहले दिए गए आदेश को बरकरार रखा।
प्रशासन के अनुसार, मस्जिद को सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण माना गया था, जिसके बाद ध्वस्तीकरण का आदेश दिया गया। इसी आदेश के अनुपालन में शनिवार सुबह यह कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर के सभी गेट बंद कर दिए गए और किसी भी प्रकार की भीड़ को एकत्र होने से रोकने के लिए भारी पुलिस बल के साथ रैपिड एक्शन फोर्स भी तैनात रही।
क्या है पूरा मामला?
- विवाद की शुरुआत साल 2025 में हुई थी
- मस्जिद को सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण बताया गया
- सिटी मजिस्ट्रेट ने जुलाई 2026 में हटाने का आदेश दिया
- 2 सितंबर 2026 को जिला अदालत ने अपील खारिज की
- इसके बाद प्रशासन ने ध्वस्तीकरण शुरू किया





