सिंगरौली। नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) का 42वां स्थापना दिवस सिंगरौली स्टेडियम में भव्य समारोह के साथ मनाया गया।
नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) का 42वां स्थापना दिवस शनिवार को एनसीएल मुख्यालय स्थित सिंगरौली स्टेडियम में भव्य समारोह के साथ मनाया गया। समारोह में कंपनी की उपलब्धियों, सामाजिक सरोकारों और भविष्य की योजनाओं को रेखांकित किया गयाकार्यक्रम में एनसीएल के सीएमडी एन. फ्रैंकलिन जयकुमार, पूर्व सीएमडी ए.के. दास, शांतिलता साहू एवं टी.के. नाग, निदेशक (मानव संसाधन) मनीष कुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी अजय कुमार जायसवाल सहित श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए सीएमडी एन. फ्रैंकलिन जयकुमार ने एनसीएल परिवार एवं सभी हितधारकों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि देश के बिजली उत्पादन में एनसीएल के कोयले की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने विश्वास जताया कि अधिकारियों, कर्मचारियों और श्रमिक संगठनों के सामूहिक प्रयासों से कंपनी अपने निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करेगी। सीएमडी ने एनसीएल की प्रमुख सामाजिक पहलों ‘नन्हा-सा-दिल-एनसीएल’ और ‘चरक’ के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, कर्मचारी कल्याण एवं रोजगार सृजन के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों को भी रेखांकित किया। उन्होंने सुरक्षा, गुणवत्ता, पर्यावरण संरक्षण और आसपास के समुदाय के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
स्थापना दिवस समारोह में एनसीएल स्पोर्ट्स एकेडमी से प्रशिक्षण प्राप्त लांग जंप के राष्ट्रीय स्वर्ण पदक विजेता हरिओम यादव को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। हरिओम यादव ने वर्ष 2026 में आयोजित प्रथम इंडोर नेशनल एथलेटिक्स प्रतियोगिता में 6.78 मीटर की छलांग लगाकर स्वर्ण पदक हासिल किया। वे विभिन्न राज्य स्तरीय एवं वेस्ट जोन एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में भी शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं। एनसीएल स्पोर्ट्स एकेडमी में खिलाड़ियों को खेल सहित विभिन्न विधाओं में निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाता है। स्थापना दिवस की संध्या में एनसीएल द्वारा पोषित शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थियों ने शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। प्रतिष्ठित बैंड के कलाकारों के साथ ‘सा रे गा मा पा’ की विजेता इशिता विश्वकर्मा ने भी मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। देर शाम तक चले कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने कलाकारों की प्रस्तुतियों का उत्साहपूर्वक आनंद लिया।
Advertisement
Google पर हमें फॉलो करें
Google Preferred Sources में Urjanchal Tiger को शामिल करें