Plane crash near Ahmedabad airport : एयर इंडिया की फ्लाइट AI 171, जिसमें 242 यात्री और क्रू सदस्य सवार थे, गुरुवार दोपहर 1:38 बजे,अहमदाबाद एयरपोर्ट से लंदन के लिए रवाना हुई थी। टेकऑफ के ठीक 59 सेकंड बाद, विमान ने मेघानीनगर स्थित बीजे मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों के हॉस्टल पर दुर्घटनाग्रस्त होकर भीषण आग पकड़ ली। हादसे में 241 लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में पूर्व गुजरात मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की भी मौत हो गई। केवल एक यात्री, ब्रिटिश नागरिक विश्वास रमेश, इस दुर्घटना में जीवित बच पाए।
एयर ट्रैफिक कंट्रोल के अनुसार, पायलट ने टेकऑफ के तुरंत बाद ‘मेडे’ कॉल दी थी, लेकिन इसके बाद कोई संपर्क नहीं हो सका। शुरुआती जांच में दोनों इंजनों में थ्रस्ट की कमी या पक्षी टकराने की आशंका जताई जा रही है। दुर्घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य जारी हैं, और घायलों को अहमदाबाद के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
Also Read
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटनास्थल का दौरा किया और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। एयर इंडिया ने मृतकों के परिजनों को 1 करोड़ रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है। इस हादसे की जांच के लिए केंद्र सरकार ने उच्च स्तरीय समिति गठित की है, जिसमें अमेरिकी और बोइंग के विशेषज्ञ भी शामिल होंगे।
अहमदाबाद एयरपोर्ट को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है और सभी उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। यह भारत में हाल के वर्षों की सबसे भीषण हवाई दुर्घटना मानी जा रही है।




