कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर के पनकी इलाके में एक बॉयज हॉस्टल में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक कमरे से तेज दुर्गंध आने पर पुलिस ने दरवाजा तोड़ा। अंदर 30 वर्षीय डिलीवरी बॉय केशव कुमार का शव फंदे से लटका मिला। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक शव करीब 5 से 6 दिन पुराना था। हैरानी की बात यह रही कि इतने दिनों तक किसी को घटना की भनक तक नहीं लगी।
कानपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पनकी रोड स्थित एक बॉयज हॉस्टल के बंद कमरे में डिलीवरी बॉय का शव करीब छह दिनों तक फंदे पर लटका रहा, लेकिन किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी। सोमवार को कमरे से तेज दुर्गंध उठने पर हॉस्टल के अन्य छात्रों को अनहोनी की आशंका हुई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो अंदर का दृश्य देखकर हर कोई स्तब्ध रह गया। मृतक की पहचान बरेली निवासी 30 वर्षीय केशव कुमार के रूप में हुई है। वह पिछले करीब एक साल से कानपुर में रहकर डिलीवरी बॉय का काम कर रहा था और पनकी रोड स्थित बॉयज हॉस्टल में रहता था। कई दिनों से कमरा बंद होने और अंदर से दुर्गंध आने पर छात्रों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची कल्याणपुर पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां केशव का शव फंदे से लटका मिला। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक शव पांच से छह दिन पुराना था।
घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस और फॉरेंसिक टीम को कमरे से एक डायरी मिली, जिसमें कथित सुसाइड नोट लिखा हुआ था। नोट में जीवन और मृत्यु को लेकर दार्शनिक बातें लिखी थीं। उसमें उल्लेख था कि चाहे अच्छे हों या बुरे, कर्म करते जाओ, क्योंकि एक दिन सबको मरना है। नोट की इन पंक्तियों ने पुलिस के सामने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बरेली में रहने वाले मृतक के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस अब सुसाइड नोट की लिखावट का मिलान कराने के साथ मृतक के मोबाइल फोन और कॉल डिटेल्स की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि युवक ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया। फिलहाल युवक की मौत के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
Advertisement
Google पर हमें फॉलो करें
Google Preferred Sources में Urjanchal Tiger को शामिल करें