सिवनी। होटल में ठहरे एक कपल को गांजे के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने के मामले में पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। वायरल वीडियो में पुलिसकर्मियों की कथित बदसलूकी और आपत्तिजनक बातचीत सामने आने के बाद जबलपुर आईजी प्रमोद वर्मा ने टीआई सतीश तिवारी सहित छह पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
वर्दी की आड़ में कानून का दुरुपयोग करने और होटल में ठहरे एक कपल को गांजे के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने के गंभीर मामले में पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। वायरल वीडियो में पुलिस अधिकारियों की कथित दबंगई सामने आने के बाद जबलपुर आईजी प्रमोद वर्मा ने टीआई सतीश तिवारी सहित छह पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामले में संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका की जांच जारी है। दरअसल, सिवनी के एक होटल में ठहरे कपल के साथ पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा कथित तौर पर अभद्रता करने और गांजे के झूठे केस में फंसाने की धमकी देने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में एएसपी दीपक मिश्रा कथित तौर पर कपल के बैग में गांजा रखकर फंसाने की बात कहते दिखाई दे रहे हैं। इतना ही नहीं, कपल को अपने माता-पिता को बुलाने के लिए दबाव बनाया जा रहा है और ऐसा नहीं करने पर बैग में गांजा रख देने की धमकी दी जा रही है। वीडियो में सीएसपी चंचलेश मरकाम, एएसपी दीपक मिश्रा और टीआई सतीश तिवारी सहित अन्य पुलिसकर्मी भी नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली और कानून के रखवालों की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े होने लगे।मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी सोशल मीडिया पर कार्रवाई की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो प्रकरण में प्रथम दृष्टया संदिग्ध आचरण सामने आने पर एएसपी, एसडीओपी सहित छह पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश दिए गए हैं। साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के निर्देश भी दिए गए हैं।
इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। अब सवाल यह है कि आम नागरिकों की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाने वाली पुलिस के कुछ अधिकारी यदि खुद ही झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने लगें, तो जनता का कानून व्यवस्था पर भरोसा कैसे कायम रहेगा। जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई तय होगी।
Advertisement
Google पर हमें फॉलो करें
Google Preferred Sources में Urjanchal Tiger को शामिल करें