सिंगरौली। एनटीपीसी विंध्याचल में पारदर्शिता, जवाबदेही और नैतिक प्रशासन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026 का शुभारंभ किया गया। प्रशासनिक भवन स्थित सभागार में आयोजित उद्घाटन समारोह की थीम “सत्यनिष्ठा से समृद्धि” रही।
एनटीपीसी विंध्याचल में सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026 का शुभारंभ किया गया। प्रशासनिक भवन स्थित सभागार में आयोजित कार्यक्रम की थीम “सत्यनिष्ठा से समृद्धि” रही। कार्यक्रम के माध्यम से अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ईमानदारी, पारदर्शिता, जवाबदेही और नैतिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध रहने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एम. सुरेश, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) सहित वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। अपर महाप्रबंधक (सतर्कता) टी.आर. राधिश ने स्वागत उद्बोधन में सप्ताह के दौरान आयोजित होने वाली गतिविधियों की जानकारी दी और सभी से सक्रिय भागीदारी की अपील की।
Also Read
मुख्य अतिथि एम. सुरेश ने कहा कि सत्यनिष्ठा केवल नियमों के पालन तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि इसे प्रत्येक व्यक्ति की कार्यशैली और व्यवहार का हिस्सा बनाना आवश्यक है। उन्होंने कार्यप्रणाली में सुधार, सरलीकरण और जवाबदेही को बढ़ावा देने के साथ उच्च नैतिक मानकों का पालन करने पर जोर दिया। साथ ही भ्रष्टाचार मुक्त भारत के निर्माण में सामूहिक योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान एम. सुरेश ने अंग्रेजी में तथा निर्मल कुमार सिंह ने हिंदी में उपस्थित लोगों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। कार्यक्रम का संचालन कामना शर्मा, उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन) ने किया, जबकि फुलजेंस केरकेट्टा ने धन्यवाद ज्ञापन किया।



