सिंगरौली। चितरंगी विकासखंड की ग्राम पंचायत रमडिहा स्थित तालाब में तीन मगरमच्छों की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। छठ पूजा से पहले व्रतियों और आमजन की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने तालाब में प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है। SDM चितरंगी देवेंद्र कुमार द्विवेदी ने 13 नवंबर से आगामी आदेश तक तालाब परिसर में आमजन के प्रवेश, नहाने और अन्य गतिविधियों पर रोक लगा दी है।
जिले के चितरंगी क्षेत्र की ग्राम पंचायत रमडिहा स्थित तालाब में तीन मगरमच्छों की मौजूदगी ने ग्रामीणों और छठ व्रतियों की चिंता बढ़ा दी है। संभावित खतरे को देखते हुए प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए तालाब परिसर में आमजन के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है। SDM चितरंगी देवेंद्र कुमार द्विवेदी ने 13 नवंबर से आगामी आदेश तक तालाब में प्रवेश, स्नान और अन्य सामान्य गतिविधियों पर रोक लगाने का आदेश जारी किया है। करीब 100 मीटर लंबा और 80 मीटर चौड़ा यह तालाब काफी गहरा बताया जा रहा है। ऐसे में मगरमच्छों की मौजूदगी से किसी गंभीर हादसे की आशंका बनी हुई है।
भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत जारी आदेश में चेतावनी दी गई है कि प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 223 के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।प्रशासन ने पुलिस, वन विभाग और स्थानीय अधिकारियों को आदेश का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। छठ पूजा के मद्देनजर अब सबसे बड़ी चुनौती तालाब में मौजूद मगरमच्छों को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू करने की है। फिलहाल ग्रामीणों और व्रतियों की सुरक्षा को देखते हुए तालाब से दूरी बनाए रखने की अपील की गई है।
Advertisement
Google पर हमें फॉलो करें
Google Preferred Sources में Urjanchal Tiger को शामिल करें