सिंगरौली। जिले में लगातार बारिश से धान की फसल को हुए नुकसान ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में काटकर रखी धान की फसल बारिश के पानी में भीगने से अंकुरित होने लगी है। इससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
जिले में लगातार हो रही बारिश ने किसानों की महीनों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। खेतों में कटाई के बाद रखी धान की फसल बारिश के पानी में भीगकर खराब होने लगी है। कई स्थानों पर धान के दाने अंकुरित होने लगे हैं, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। प्राकृतिक आपदा की इस मार से किसानों के सामने आर्थिक संकट गहराने लगा है। किसानों की इस गंभीर समस्या को प्रमुखता से उठाते हुए आम आदमी पार्टी के युवा नेता संदीप कुमार प्रजापति ने जिला कलेक्टर के नाम आवेदन सौंपकर प्रभावित किसानों को तत्काल राहत एवं मुआवजा दिलाने की मांग की है। उन्होंने प्रशासन का ध्यान जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश से हुई फसल क्षति की ओर आकर्षित कराते हुए पूरे सिंगरौली जिले में शीघ्र सर्वे कराने की मांग की।
संदीप कुमार प्रजापति ने आवेदन में मांग की है कि राजस्व एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीम गठित कर प्रभावित गांवों में खेतों का भौतिक निरीक्षण कराया जाए। सर्वे के दौरान किसानों की वास्तविक क्षति का निष्पक्ष आकलन किया जाए, ताकि शासन की राहत योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र एवं प्रभावित किसान तक पहुंच सके। उन्होंने शासन के निर्धारित नियमों के अनुसार किसानों को उचित मुआवजा एवं राहत राशि उपलब्ध कराने की भी मांग की। युवा नेता संदीप कुमार प्रजापति ने कहा कि किसान पूरे साल कड़ी मेहनत और अपनी पूंजी लगाकर फसल तैयार करता है। जब फसल घर लाने का समय आता है, तब प्राकृतिक आपदा उसकी पूरी मेहनत पर पानी फेर देती है। ऐसी स्थिति में किसानों को अकेला नहीं छोड़ा जा सकता। प्रशासन को किसानों की पीड़ा समझते हुए बिना देरी किए सर्वे और मुआवजा वितरण की प्रक्रिया शुरू करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि फसल नुकसान के कारण पहले से ही परेशान किसानों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। सर्वे की प्रक्रिया पारदर्शी हो और किसी भी प्रभावित किसान का नाम छूटने न पाए। किसानों को उनका अधिकार और उचित राहत दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।
Advertisement
Google पर हमें फॉलो करें
Google Preferred Sources में Urjanchal Tiger को शामिल करें