इंदौर। एरोड्रम थाना क्षेत्र में मारपीट की शिकायत पर कथित लापरवाही और फरियादियों से अभद्रता के मामले में पुलिस विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। भाजपा विधायक गोलू शुक्ला द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों को शिकायत की जानकारी देने के बाद थाना प्रभारी यशवेंद्र कुशवाहा सहित छह पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच कर दिया गया।
जिले मे फरियादी की शिकायत पर कथित लापरवाही और अभद्रता के मामले में एरोड्रम थाना पुलिस पर कार्रवाई की गई है। भाजपा विधायक गोलू शुक्ला के हस्तक्षेप के बाद थाना प्रभारी यशवेंद्र कुशवाहा सहित छह पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, जयदीप दुबे की कार में बाइक सवार दो युवकों ने टक्कर मार दी थी। इसके बाद हुए विवाद में उनके साथ मारपीट की गई। पीड़ित शिकायत लेकर थाने पहुंचे, लेकिन आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने रिपोर्ट दर्ज करने में आनाकानी की। साथ आए रिश्तेदार के साथ भी अभद्रता किए जाने का आरोप है। मामले की जानकारी विधायक गोलू शुक्ला को मिलने पर उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से शिकायत की। इसके बाद अधिकारियों ने देर रात थाने पहुंचकर जांच की और थाना प्रभारी यशवेंद्र कुशवाहा सहित छह पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच कर दिया गया। मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठे हैं।




