सिंगरौली। जिले के सकरिया में करीब 35 सवारियों से भरी पिकअप के पलटने और करीब 25 लोगों के घायल होने की घटना ने यातायात व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्षमता से अधिक सवारियां लेकर दौड़ रहे ऐसे वाहनों पर कार्रवाई को लेकर यातायात पुलिस की निगरानी व्यवस्था कटघरे में है।
जिले के चितरंगी क्षेत्र के सकरिया में 35 सवारियों से भरी पिकअप के पलटने से करीब 25 लोगों के घायल होने की घटना ने यातायात पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्षमता से कई गुना अधिक सवारियां लेकर वाहन ग्रामीण सड़कों पर दौड़ते रहे, लेकिन प्रभावी जांच और कार्रवाई नजर नहीं आई। हादसे में बच्चों समेत कई यात्री घायल हुए हैं। एक व्यक्ति का पैर और महिला का हाथ कटने की जानकारी ने हादसे की भयावहता बढ़ा दी है। सवाल यह है कि हादसे के बाद ही ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई क्यों याद आती है? यातायात पुलिस की नियमित चेकिंग और निगरानी व्यवस्था पर अब सवाल उठ रहे हैं।




