सिंगरौली। एनटीपीसी विंध्याचल में गुरुवार को प्रशासनिक भवन परिसर में संविधान दिवस गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भारतीय संविधान के मूल आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के मूल्यों को आत्मसात करने का संदेश दिया।
भारतीय संविधान के गौरव, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रीय एकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से एनटीपीसी विंध्याचल में 26 नवंबर को संविधान दिवस गरिमामय वातावरण में मनाया गया। प्रशासनिक भवन परिसर में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम का नेतृत्व महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) श्री एम. सुरेश ने किया। उन्होंने हिंदी एवं अंग्रेजी दोनों भाषाओं में संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया।
आयोजन में विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों, यूनियनों एवं एसोसिएशनों के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम के माध्यम से संविधान में निहित मूल सिद्धांतों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए जिम्मेदार नागरिकता, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता को मजबूत बनाने का संदेश दिया गया। गौरतलब है कि 26 नवंबर 1949 को भारतीय संविधान सभा ने संविधान को अंगीकृत किया था। इसी ऐतिहासिक अवसर की स्मृति में प्रतिवर्ष संविधान दिवस मनाया जाता है। एनटीपीसी विंध्याचल का यह आयोजन न केवल संवैधानिक जागरूकता का प्रतीक बना, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों को जीवन और कार्यसंस्कृति में अपनाने का संकल्प भी दोहराया गया।
Advertisement
Google पर हमें फॉलो करें
Google Preferred Sources में Urjanchal Tiger को शामिल करें