सिंगरौली, 14 अगस्त 2026। जिले में लगातार बारिश और तेज जलप्रवाह के कारण बैढ़न-तेलाई, मकरोहर मार्ग पर कन्वेयर के पास पुलिस लाइन के समीप सड़क का एक बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर गौरव बैनल और पुलिस अधीक्षक सियाज के.एम. ने मौके पर पहुंचकर संयुक्त रूप से निरीक्षण किया।
कलेक्टर ने क्षतिग्रस्त सड़क और आसपास के क्षेत्र का जायजा लेते हुए जनसुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
Also Read
सीवर लाइन के लिए सड़क काटने के बाद कमजोर हुआ हिस्सा
मौका निरीक्षण के दौरान सामने आया कि कुछ दिन पहले नगर पालिक निगम सिंगरौली द्वारा संबंधित सड़क विभाग की पूर्व अनुमति और जानकारी के बिना उक्त स्थान पर सड़क की क्रॉसिंग काटकर सीवर लाइन बिछाने का काम किया गया था।
प्रशासन के अनुसार, सड़क की खुदाई के बाद निर्धारित तकनीकी प्रक्रिया और समुचित पुनर्भरण नहीं होने से संबंधित हिस्सा कमजोर हो गया। इसके बाद हुई अत्यधिक बारिश और तेज जलप्रवाह के कारण सड़क के एम्बैंकमेंट में गंभीर कटाव हुआ और मार्ग का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर बह गया।
नगर निगम और ठेकेदार को नोटिस के निर्देश
मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर गौरव बैनल ने नगर पालिक निगम सिंगरौली के कार्यपालन यंत्री, सीवर लाइन का कार्य करने वाले ठेकेदार और सुपरविजन कंसल्टेंसी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क निर्माण और मरम्मत से जुड़े कार्यों में निर्धारित तकनीकी मानकों और गुणवत्ता का अनिवार्य रूप से पालन किया जाए। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
यातायात डायवर्ट, मौके पर बैरिकेडिंग
क्षतिग्रस्त सड़क को देखते हुए फिलहाल जनसुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यातायात को वैकल्पिक मार्ग से डायवर्ट कर दिया गया है। दुर्घटना की आशंका को देखते हुए मौके पर बैरिकेडिंग के साथ चेतावनी संकेत भी लगाए गए हैं।
प्रशासन ने लोगों से क्षतिग्रस्त हिस्से के आसपास सावधानी बरतने की अपील की है।
सड़क को सुरक्षित बनाने के लिए तत्काल काम के निर्देश
मार्ग निर्माण एजेंसी को मौके पर तत्काल आवश्यक पाइप स्थापित करने, नियंत्रित मिट्टी भराव, समुचित कम्पेक्शन और कटावरोधी कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन का उद्देश्य सड़क को जल्द से जल्द सुरक्षित बनाकर यातायात व्यवस्था को सामान्य करना है।





