सिंगरौली। जिले के भीम आर्मी संगठन के जिला अध्यक्ष हेमंत कुमार वर्मा के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपकर रणधीर सिंह सहित अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार की सुरक्षा और मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।
जिले के माड़ा मार्केट के पास 6 सितंबर को हुई कथित मारपीट के मामले में भीम आर्मी भारत एकता मिशन ने पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
Also Read
दरअसल 6 सितंबर को माड़ा मार्केट के पास रोहित कुमार साकेत और उनके साथियों के साथ कथित रूप से मारपीट की गई थी। संगठन का आरोप है कि रणधीर सिंह और उनके अन्य साथियों ने लाठी-डंडों से हमला कर युवकों को घायल कर दिया। घटना के बाद पीड़ित पक्ष थाना पहुंचा और पुलिस को मामले की जानकारी दी।
भीम आर्मी ने ज्ञापन में आरोप लगाया है कि रणधीर सिंह प्रभावशाली व्यक्ति हैं। संगठन ने घटना के बाद पीड़ित परिवार पर दबाव बनाए जाने की आशंका जताते हुए उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी नामजद आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की अपील की है।
संगठन ने पुलिस प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई, तो भीम आर्मी भारत एकता मिशन द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव कर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। संगठन का कहना है कि पीड़ितों को न्याय दिलाने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित कराने के लिए आगे भी आवाज उठाई जाएगी। संगठन के पदाधिकारियों ने पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की है।





