सिंगरौली। बीमा राशि जारी कराने के एवज में 4 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेते जल संसाधन विभाग के बड़े बाबू दिनेश कुमार श्रीवास्तव को रीवा लोकायुक्त पुलिस ने पकड़ लिया। कार्रवाई बैढ़न बस स्टैंड तिराहे के पास एक ऑनलाइन दुकान में की गई।
जल संसाधन विभाग में रीवा लोकायुक्त पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बड़े बाबू दिनेश कुमार श्रीवास्तव को कथित तौर पर 4 हजार रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा है। आरोप है कि शिकायतकर्ता रंजन साकेत से उनके दिवंगत पिता की बीमा राशि जारी कराने के एवज में रिश्वत मांगी गई थी। जानकारी के अनुसार, रंजन साकेत के पिता रामकृष्ण साकेत सिंचाई विभाग से करीब दो वर्ष पहले सेवानिवृत्त हुए थे। लगभग डेढ़ वर्ष पहले उनकी मृत्यु हो गई थी। इसके बाद परिवार को बीमा के करीब 70 हजार रुपये मिलने थे। आरोप है कि राशि जारी कराने की प्रक्रिया पूरी करने के बदले बड़े बाबू ने 4 हजार रुपये की मांग की। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण रिश्वत देने में असमर्थ रंजन साकेत ने रीवा लोकायुक्त पुलिस से शिकायत की। गुरुवार को बैढ़न बस स्टैंड तिराहे के पास स्थित एक ऑनलाइन दुकान में कथित तौर पर रिश्वत लेते समय लोकायुक्त टीम ने दिनेश कुमार श्रीवास्तव को पकड़ लिया। उक्त मामले में लोकायुक्त पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।




