जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला (Omar Abdullah) ने टेलीविजन पत्रकार निधि राजदान (Nidhi Razdan) से शादी कर ली है। दोनों का विवाह 30 अक्टूबर को हुआ था। अब्दुल्ला ने 31 अक्टूबर को सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा करते हुए शादी की जानकारी दी। समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, विवाह विशेष विवाह अधिनियम (Special Marriage Act) के तहत संपन्न हुआ।
अब्दुल्ला ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर तस्वीरों के साथ लिखा, “A new journey began yesterday” (कल एक नया सफर शुरू हुआ)। निधि राजदान ने भी दोनों की तस्वीरें साझा कीं और लिखा, “It’s done bro”। दोनों ने अपनी पोस्ट में एक-दूसरे को टैग किया।Omar Abdullah marries journalist Nidhi Razdan
Also Read

विवाह में दोनों परिवारों के सदस्य हुए शामिल
पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, विवाह समारोह में दोनों पक्षों के परिवार के सदस्य गवाह के रूप में शामिल हुए। समारोहों में अब्दुल्ला के पिता फारूक अब्दुल्ला, उनकी मां मॉली अब्दुल्ला, उनकी तीन बहनें और अन्य करीबी रिश्तेदार मौजूद थे। निधि राजदान के माता-पिता, वरिष्ठ पत्रकार एम.के. राजदान और सरला राजदान भी समारोह में शामिल हुए।
A new journey began yesterday 💍@Nidhi https://t.co/BXbdLq2d1H
— Omar Abdullah (@OmarAbdullah) October 31, 2026
Who is Nidhi Razdan : कौन हैं पत्रकार निधि राजदान?
निधि राजदान (Nidhi Razdan) का संबंध जम्मू-कश्मीर के बडगाम से है। वह कश्मीरी पंडित परिवार में पैदा हुईं। उनके पिता महाराज कृष्ण राजदान प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया यानी पीटीआई के पूर्व एडिटर-इन-चीफ रह चुके हैं।
निधि की शुरुआती पढ़ाई दिल्ली के अपीजे स्कूल, शेख सराय में हुई। इसके बाद उन्होंने लेडी श्रीराम कॉलेज से ग्रेजुएशन किया। पत्रकारिता की पढ़ाई के लिए उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान, दिल्ली में दाखिला लिया। यहां से उन्होंने 1998-99 में रेडियो और टीवी जर्नलिज्म में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा हासिल किया।
49 वर्षीय निधि राजदान (Nidhi Razdan) वरिष्ठ पत्रकार और टेलीविजन समाचार प्रस्तोता हैं। उन्होंने लंबे समय तक एनडीटीवी (NDTV) में काम किया। वह चैनल में एग्जीक्यूटिव एडिटर के पद पर रहीं और Left, Right & Centre तथा The Big Fight जैसे कार्यक्रमों से जुड़ी रहीं। उनकी पत्रकारिता में भारतीय राजनीति, विदेश नीति और समसामयिक विषयों की रिपोर्टिंग शामिल रही है।
निधि राजदान (Nidhi Razdan) की यह दूसरी शादी है। इससे पहले उन्होंने 2005 में लेखक और पत्रकार नीलेश मिश्रा से विवाह किया था। दोनों का 2007 में तलाक हो गया था।
उमर अब्दुल्ला की पहली शादी का हुआ था कानूनी अंत
56 वर्षीय उमर अब्दुल्ला की यह दूसरी शादी है। उनकी पहली पत्नी पायल अब्दुल्ला से विवाह को सुप्रीम कोर्ट ने जुलाई 2026 में आपसी सहमति से समाप्त कर दिया था। दोनों की शादी 1994 में हुई थी और उनके दो बेटे हैं।
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने 1 सितंबर 1994 को पायल अब्दुल्ला से शादी की थी। दोनों की मुलाकात दिल्ली के ओबेरॉय होटल में काम करने के दौरान हुई थी। उनके दो बेटे हैं, जाहिर और जमीर।
उमर अब्दुल्ला और पायल अब्दुल्ला 2009 से अलग रह रहे थे। उमर ने 2011 में सार्वजनिक रूप से अलगाव की जानकारी दी थी। उन्होंने तलाक के लिए अदालत का रुख किया, लेकिन अगस्त 2016 में पारिवारिक अदालत ने उनकी याचिका खारिज कर दी। दिसंबर 2023 में दिल्ली हाई कोर्ट ने भी इस फैसले को बरकरार रखा।
इसके बाद मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा। 31 जुलाई 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने दोनों की आपसी सहमति से विवाह समाप्त करने के समझौते के आधार पर तलाक की डिक्री पारित की। इसके साथ ही दोनों के वैवाहिक संबंध कानूनी रूप से समाप्त हो गए।





