सिंगरौली। एनटीपीसी विंध्याचल में दुर्गा पूजा महोत्सव 2026 का शुभारंभ मंदिर प्रांगण में विधि-विधान से कलश स्थापना एवं पूजा-अर्चना के साथ हुआ। धार्मिक आस्था, भक्ति और सांस्कृतिक उल्लास से सराबोर इस महोत्सव में विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं रंगारंग कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
एनटीपीसी विंध्याचल में दुर्गा पूजा महोत्सव 2026 का शुभारंभ मंदिर प्रांगण में विधि-विधान से कलश स्थापना एवं पूजा-अर्चना के साथ हुआ। धार्मिक आस्था, भक्ति और सांस्कृतिक उल्लास से सराबोर इस महोत्सव में विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं रंगारंग कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। उत्सव के माध्यम से जहां श्रद्धालु मां दुर्गा की आराधना कर रहे हैं, वहीं बच्चे अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का प्रदर्शन कर रहे हैं। कलश स्थापना के अवसर पर मुख्य अतिथि एवं कार्यकारी निदेशक (विंध्याचल) श्री किशोर कुमार होता, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) श्री एम. सुरेश, अन्य महाप्रबंधकों तथा विभागाध्यक्षों ने पूजा-अर्चना कर मां दुर्गा के कलश पर पुष्प अर्पित किए। इसके बाद उपस्थित श्रद्धालुओं ने आरती में सहभागिता कर मां दुर्गा का आशीर्वाद लिया। पूजा के दौरान पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा।
Also Read
एनटीपीसी विंध्याचल में 11 से 21 अक्टूबर 2026 तक आयोजित इस महोत्सव के अंतर्गत फैंसी ड्रेस, भक्ति नृत्य, श्लोक पाठ, कहानी वाचन, सुंदरकांड, भजन गायन, शंखनाद, रंगोली, चित्रकला, मूर्ति निर्माण और तोरण सजावट जैसी विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इसके अलावा कथक नृत्य, नाटक, डांडिया, देवी जागरण और धुनुची नृत्य जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रम भी महोत्सव का आकर्षण बढ़ा रहे हैं।
महोत्सव के दौरान 11 अक्टूबर को बच्चों के लिए फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता, 12 अक्टूबर को भक्ति नृत्य प्रतियोगिता तथा 13 अक्टूबर को सुंदरकांड, श्लोक पाठ एवं कहानी सुनाने की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इन कार्यक्रमों में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं, 14 अक्टूबर को दिल्ली पब्लिक स्कूल, विंध्यनगर के विद्यार्थियों ने आकर्षक नृत्य एवं नाट्य प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से बच्चों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास तथा भारतीय संस्कृति के प्रति रुचि को प्रोत्साहन मिला। कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि एवं पूजा समिति द्वारा विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।
महोत्सव के सफल आयोजन के लिए गठित दुर्गा पूजा समिति में महाप्रबंधक (वीएसआर) श्री एच.पी. देवांगन अध्यक्ष, श्री संदीप कोहली उपाध्यक्ष, श्री पंकज तिवारी सचिव तथा श्री धीर सिंह चौहान एवं श्री कमलेश कुमार संयुक्त सचिव हैं। समिति के मार्गदर्शन में विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।



