सिंगरौली। कोतवाली पुलिस ने ब्लैकमेल कर पैसे वसूलने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने खुद को अभिनेता बताकर एक महिला को अपने जाल में फंसाया था।
कोतवाली पुलिस ने शादी का झांसा देकर महिला को ब्लैकमेल करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान शुभम पाण्डेय उर्फ प्रदीप पाण्डेय उर्फ चिंटू (32 वर्ष) निवासी चित्रकूट (उ.प्र.) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने खुद को अभिनेता बताकर महिला से संपर्क किया और भरोसा जीतकर उससे आपत्तिजनक फोटो मंगवाए। इसके बाद आरोपी ने फोटो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। आरोपी ने कई किस्तों में पीड़िता से ₹1,05,000 की रकम ट्रांसफर कराई। इतना ही नहीं, आरोपी अपने साथी आर्यन यादव के साथ मिलकर लगातार मोबाइल नंबर बदलकर पीड़िता से ₹5 लाख की अतिरिक्त मांग कर रहा था। पीड़िता की शिकायत पर थाना वैढ़न में अपराध क्रमांक 1082/25, धारा 308(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक परिहार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को 14 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।










