सिंगरौली। चितरंगी थाना क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस हिरासत से रेत से भरा टिपर छुड़ाकर फरार होने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि तीन आरोपी अभी फरार हैं।
वनपरिक्षेत्र अधिकारी सोनघड़ियाल अभ्यारण चितरंगी श्री चतुर सिंह ने 21 फरवरी 2026 को आवेदन देकर बताया कि 20 फरवरी को गश्त के दौरान रेत से भरा टिपर UP 64 T 0381 पकड़ा गया था। चालक दीपक केवट से वाहन को चितरंगी थाना लाया जा रहा था। इसी दौरान थाना परिसर के पास कथित वाहन मालिक सूर्यांश सिंह अपने साथियों के साथ पहुंचा और टिपर लेकर फरार हो गया।
घटना के बाद चितरंगी थाना में भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना में मुख्य आरोपी सूर्यांश सिंह की निशानदेही पर रामेश्वर उर्फ पप्पू बैस और विपिन द्विवेदी को गिरफ्तार किया गया। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार मामले में अन्य आरोपी रावेन्द्र अग्रहरि, हिमांशु सिंह और चालक दीपक केवट अभी फरार हैं। उनकी तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस ने कहा है कि अवैध रेत परिवहन और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।











