मध्य प्रदेश के ग्वालियर हाईवे पर शनिवार शाम एक खतरनाक सड़क हादसा सामने आया। टेकनपुर सीमा के पास बझेरा गांव की पुलिया के पास तेज रफ्तार ट्रक ने टाटा नेक्सॉन कार को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार ट्रक के अगले हिस्से में फंस गई। इसके बाद ट्रक चालक ने वाहन रोकने के बजाय कार को करीब डेढ़ किलोमीटर तक घसीट दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार में बैठे लोग लगातार मदद के लिए चिल्लाते रहे। कार चालक ट्रक को रोकने का प्रयास करता रहा। राहगीरों ने भी इशारे किए, लेकिन ट्रक नहीं रुका। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
View this post on Instagram
जानकारी के अनुसार, कार में सवार तीनों लोग विशेष सशस्त्र बल (SAF) से जुड़े अधिकारी थे। वे ओरछा से ग्वालियर लौट रहे थे। राहत की बात यह रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई। स्थानीय लोगों ने ट्रक का पीछा किया और बिलौआ हाईवे के पास उसे रुकवा लिया।
आंतरी थाना पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। फिलहाल औपचारिक शिकायत का इंतजार है। पुलिस ने कहा है कि शिकायत मिलते ही सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह घटना सड़क सुरक्षा और लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े करती है।










