सिंगरौली। जिले के बरगवां थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात अज्ञात चोरों ने बेखौफ अंदाज में दो ज्वेलरी दुकानों को निशाना बना डाला। बदमाश दुकानों के शटर और ताले तोड़कर भीतर घुसे और लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात के साथ सीसीटीवी का डीवीआर भी अपने साथ ले गए। घटना का खुलासा गुरुवार सुबह हुआ, जब सीएम राइज विद्यालय के सामने स्थित दुकानों के टूटे ताले देखकर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची बरगवां पुलिस जांच मे जुट गई है।
बरगवां थाना क्षेत्र में बुधवार की देर रात चोरों ने सुनियोजित वारदात को अंजाम देते हुए दो ज्वेलरी दुकानों को निशाना बनाया। बदमाश शटर और ताले तोड़कर अंदर घुसे और सोने-चांदी के कीमती जेवरात के साथ सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी निकाल ले गए, ताकि कोई सुराग न बचे। गुरुवार सुबह सीएम राइज विद्यालय के सामने स्थित दुकानों के टूटे ताले देख आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। दुकानदारों के मुताबिक, करीब 5 लाख रुपये मूल्य के आभूषण चोरी हुए हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने पहले रेकी की और फिर सुनसान रात का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया। डीवीआर चोरी किए जाने से पुलिस को तकनीकी जांच में चुनौती का सामना करना पड़ सकता है। बरगवां थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।











