ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास शनिवार और रविवार की दरमियानी रात करीब 1:30 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में 14 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए।
ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास नवरात्र के दौरान एक भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। शनिवार और रविवार की दरमियानी रात करीब 1:30 बजे धान से भरा एक अनियंत्रित ट्रक श्रद्धालुओं को कुचलते हुए मंदिर के प्रवेश द्वार और बाहरी दीवार से जा टकराया। इस दर्दनाक दुर्घटना में 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और चारों ओर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
Also Read
नवरात्र की सप्तमी होने के कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए मंदिर पहुंच रहे थे। इसी दौरान चीनौर रोड पर ढलान की ओर से तेज रफ्तार में आ रहा ट्रक अनियंत्रित हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक रास्ते में श्रद्धालुओं को टक्कर मारता हुआ आगे बढ़ा और मंदिर के प्रवेश द्वार से जा टकराया। दुर्घटना में कई दुकानों और वाहनों को भी नुकसान पहुंचा। स्थानीय लोगों ने ट्रक के ब्रेक फेल होने की आशंका जताई है, हालांकि हादसे की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी। हादसे में घायलों की संख्या को लेकर अलग-अलग आंकड़े सामने आए हैं। प्रशासन की प्रारंभिक जानकारी में 29 लोगों के घायल होने की बात कही गई, जबकि स्थानीय लोगों ने 40 से अधिक श्रद्धालुओं के घायल होने का दावा किया है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य में जुटकर घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। मृतकों में महिलाएं, बच्चे, किशोर और बुजुर्ग शामिल हैं। अब तक 11 मृतकों की पहचान होने की जानकारी सामने आई है। लोगों ने हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई, घायलों के बेहतर इलाज और मृतकों के परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
कलेक्टर रुचिका चौहान ने हादसे की जांच के निर्देश दिए हैं। ट्रक की तकनीकी स्थिति की जांच के लिए आरटीओ की टीम को भी लगाया गया है। जांच में ट्रक के अनियंत्रित होने के कारण, ब्रेक की स्थिति और भारी वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए लगाए गए बैरिकेड के बावजूद ट्रक के प्रतिबंधित मार्ग पर पहुंचने की परिस्थितियों का पता लगाया जाएगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है। उन्होंने प्रभावित परिवारों और घायलों को आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। शासन की ओर से मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को दो-दो लाख रुपये तथा अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता दिए जाने की जानकारी दी गई है। मुख्यमंत्री ने सभी घायलों का निशुल्क उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।




