सिंगरौली। जिले में सुरक्षित और व्यवस्थित परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग का “नो टॉलरेंस” अभियान लगातार प्रभावी साबित हो रहा है। अभियान के तहत ओवरलोडिंग, प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों और नियमों की अनदेखी करने वालों पर सख्त कार्रवाई करते हुए 4 मालवाहक वाहन और 1 डोजर जब्त किए गए हैं।
जिले में ओवरलोडिंग, प्रदूषण और अवैध परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे “नो टॉलरेंस” अभियान के तहत परिवहन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 मालवाहक वाहनों और 1 डोजर को जब्त किया है। यह कार्रवाई कलेक्टर गौरव बेल के निर्देश एवं क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी विक्रम सिंह राठौर के मार्गदर्शन में की गई।
जांच के दौरान चौकी बंधौरा क्षेत्र से 3 और चौकी सासन क्षेत्र से 1 वाहन जब्त कर आरटीओ कार्यालय में सुरक्षित रखा गया। वाहनों में फ्लाई ऐश, रेत एवं अन्य सामग्री का ओवरलोड परिवहन, बिना तिरपाल ढुलाई तथा प्रदूषण मानकों के उल्लंघन जैसी अनियमितताएं पाई गईं।
इसके अलावा कई अन्य वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई भी की गई। अभियान के दौरान वाहनों के प्रदूषण प्रमाणपत्र (पीयूसी), बीमा, परमिट और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की भी जांच की गई। परिवहन विभाग द्वारा परसौना चौकी-बारीगांव बायपास, विंध्यनगर-तेलदहा-शक्तिनगर मार्ग, झींगुरदा-गोरबी मोड़, बंधौरा एवं सासन क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया गया।
विभाग के अनुसार अभियान के तहत अब तक ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यमों से 12.80 लाख रुपये का शासकीय राजस्व संग्रह किया जा चुका है। वहीं सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए पुलिस विभाग के सहयोग से मालवाहक वाहनों पर रेडियम रिफ्लेक्टर भी लगाए गए।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि ओवरलोडिंग, बिना तिरपाल परिवहन, प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों और अवैध परिवहन गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। प्रशासन का उद्देश्य जिले में सुरक्षित, स्वच्छ और नियमबद्ध परिवहन व्यवस्था स्थापित करना है।





















