सिंगरौली। अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए बरगवां पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने 135.12 लीटर अवैध शराब से भरी एक फोर्ड ईको स्पोर्ट कार जब्त की है, जबकि वाहन चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
रात की खामोशी में अवैध शराब की तस्करी कर रहे माफियाओं पर बरगवां पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लाखों की शराब से भरी कार जब्त की है। पुलिस की घेराबंदी देखकर तस्कर वाहन सड़क से नीचे उतारकर अंधेरे का सहारा लेते हुए मौके से फरार हो गया। पुलिस को यह सफलता 29 जनवरी की रात्रि गश्त के दौरान मिली, जब मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम बंधा की ओर से एक काले रंग की ईको स्पोर्ट कार में अवैध शराब पचौर की तरफ ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही थाना बरगवां पुलिस ने ग्राम पचौर रेलवे पुल के आगे नाकेबंदी की। जैसे ही संदिग्ध वाहन मौके पर पहुंचा, पुलिस को देखकर चालक घबरा गया और गाड़ी छोड़कर भाग निकला। तलाशी में पुलिस ने देशी व विदेशी शराब की 135.12 लीटर मात्रा, जिसकी कीमत लगभग 52 हजार रुपये, तथा फोर्ड ईको स्पोर्ट कार (UP 65 BM 5454) कीमत करीब 10 लाख रुपये जब्त की। बरगवां पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 68/2026, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश मे जुट गई है।,











