सिंगरौली। सेवा संकल्प अभियान के तहत नगर निगम सिंगरौली क्षेत्र में आयोजित सेवा सेतु शिविरों का विधायक रामनिवास शाह ने निरीक्षण किया।
सेवा संकल्प अभियान के तहत नगर पालिक निगम सिंगरौली क्षेत्र में आयोजित तीन सेवा सेतु शिविरों का विधायक रामनिवास शाह ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को पात्र हितग्राहियों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। शिविरों में कुल 743 आवेदन दर्ज किए गए। मौके पर आवेदनों का ऑनलाइन पंजीयन कर विभिन्न योजनाओं एवं नागरिक सेवाओं से संबंधित कार्यवाही की गई। साथ ही स्वास्थ्य परीक्षण कर जरूरतमंदों को दवाएं वितरित की गईं।
विधायक रामनिवास शाह ने कहा कि सेवा सेतु शिविरों का उद्देश्य नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न शासकीय सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत 91 पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। इनमें प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के 15 पथ विक्रेता, मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना के 45 हितग्राही तथा सामाजिक सुरक्षा पेंशन के 31 वृद्धजन, दिव्यांगजन एवं कल्याणी हितग्राही शामिल हैं।
Also Read
उक्त अवसर पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पंजेह के मेधावी विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना की गई। कक्षा 12वीं कला संकाय के छात्र मो. समीम ने 93 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय एवं जिले में प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि विज्ञान संकाय की छात्रा मुस्कान बालिका वर्ग में विद्यालय में प्रथम रहीं। दोनों विद्यार्थियों को राज्य शासन की ओर से स्कूटी प्रदान की गई। वहीं छात्र दीपक गौतम ने जिला स्तरीय चित्रकला प्रदर्शनी में तृतीय स्थान प्राप्त कर राज्य स्तर के लिए चयनित होकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।




