हिंडालको महान के CSR प्रोजेक्ट “उड़ान” ने सिंगरौली के 39 युवाओं को नई दिशा दी है। इस प्रोजेक्ट के तहत युवाओं को छत्तीसगढ़ के रायगढ़ स्थित ओ. पी. जिंदल कम्युनिटी कॉलेज में तीन महीने का तकनीकी प्रशिक्षण दिया गया।
युवाओं को तीन ट्रेडों, फिटर फैब्रिकेशन, असिस्टेंट इलेक्ट्रिशियन और डेटा एंट्री ऑपरेटर, में स्किल डेवलपमेंट कराया गया। प्रशिक्षण पूरा होते ही सभी 39 युवाओं का चयन प्रतिष्ठित कंपनियों में हो गया। इनमें याकाज़ी इंडस्ट्रीज़, बी.के.टी. टायर और माइंडज़लैब टेक्नोलॉजी जैसी कंपनियां शामिल हैं। चयनित युवाओं को 17,000 से 28,000 रुपये मासिक वेतन पर नियुक्ति मिली।
Also Read

Read Today's E-Magazine
Swipe through the complete digital edition of Urjanchal Tiger right on your screen.
हिंडालको महान के एच.आर. कम्युनिकेशन हॉल में इन युवाओं को नियुक्ति पत्र और प्लेसमेंट प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम में सिंगरौली कलेक्टर गौरव बैनल मुख्य अतिथि रहे। इस अवसर पर हिंडालको महान के इकाई प्रमुख एस. सेंथिलनाथ, मानव संसाधन प्रमुख डॉ. विवेकानंद मिश्रा, वित्त प्रमुख रोहित मेथेथी और जनसंपर्क प्रमुख संजय सिंह उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में कलेक्टर श्री बैनल ने कहा कि ऐसी CSR पहलें सिंगरौली के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने में अहम भूमिका निभाती हैं। उन्होंने युवाओं से कहा कि सीखना कभी न छोड़ें, क्योंकि सीखने से ही आगे बढ़ने का रास्ता खुलता है। कलेक्टर ने “उड़ान” को आर्थिक स्वतंत्रता की दिशा में एक मजबूत कदम बताया।
कार्यक्रम के बाद कलेक्टर ने हिंडालको प्लांट का भ्रमण किया और श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो।



