सिंगरौली। गांधी जयंती के अवसर पर युवा समाज सेवा संगठन समिति ने सरई मुख्य बाजार में पैदल मार्च निकालकर अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने की मांग की है।
जिले मे गांधी जयंती के अवसर पर नशामुक्त समाज और अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने की मांग को लेकर युवा समाज सेवा संगठन समिति ने सरई मुख्य बाजार में पैदल मार्च निकाला। रैली के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से क्षेत्र में कथित अवैध शराब की बिक्री पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की। रैली मुख्य बाजार के विभिन्न हिस्सों से होकर गुजरी। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश देते हुए अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने की मांग उठाई। संगठन का आरोप है कि क्षेत्र के कई गांवों में कथित रूप से अवैध अंग्रेजी शराब की बिक्री हो रही है, जिसका असर युवाओं और परिवारों पर पड़ रहा है।
Also Read
रैली के समापन के बाद संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने तहसीलदार को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में अवैध शराब बिक्री की शिकायतों की जांच कराने, संबंधित स्थानों पर कार्रवाई करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित निगरानी बढ़ाने की मांग की गई। संगठन ने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहना चाहिए। यदि शिकायतों पर समयबद्ध कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन को और तेज करेगा।




