सिंगरौली। त्योहारों के मद्देनजर कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए माड़ा पुलिस ने विशेष अभियान चलाते हुए बीते तीन दिनों में 16 कथित अवैध शराब विक्रेताओं को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 87 लीटर महुआ एवं देशी प्लेन शराब जब्त की गई।
त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए माड़ा पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। बीते तीन दिनों में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के मामलों में 16 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 87 लीटर महुआ एवं देशी प्लेन शराब जब्त की। इसके साथ ही वारंटियों की धरपकड़ करते हुए अन्य मामलों में भी कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में चलाए गए अभियान के तहत माड़ा थाना पुलिस ने विभिन्न गांवों में दबिश दी। इस दौरान अवैध शराब की बिक्री में संलिप्त पाए गए आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किए गए। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य त्योहारों के दौरान अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के साथ शराब के नशे में वाहन चलाने से होने वाली दुर्घटनाओं और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण करना है।
Also Read
अभियान के दौरान पुलिस ने बड़गड़ निवासी विजय प्रताप सिंह को प्रकरण क्रमांक 2441/23 में जारी स्थाई वारंट के तहत गिरफ्तार किया। वहीं, मलगो निवासी राजेश कुमार शाह (35) को वसूली वारंट के मामले में पकड़कर न्यायालय में पेश किया गया। इसके अलावा बहेरीकला निवासी सुदामा वैश्य को अपराध क्रमांक 590/26 में गिरफ्तार किया गया। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 132, 126(2), 296बी तथा एससी/एसटी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद आदेशानुसार जेल भेज दिया गया।




