सिंगरौली। जिले के ग्राम पंचायत देवरी प्रथम स्थित शासकीय हाई स्कूल के प्राचार्य मोहन सिंह के खिलाफ आम आदमी पार्टी के युवा नेता संदीप कुमार प्रजापति ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
जिले के ग्राम पंचायत देवरी प्रथम स्थित शासकीय हाई स्कूल के प्राचार्य मोहन सिंह के खिलाफ गंभीर शिकायतों को लेकर आम आदमी पार्टी के युवा नेता संदीप कुमार प्रजापति ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि प्राचार्य शराब का सेवन कर विद्यालय आते हैं और विद्यालय के शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों से आए दिन विवाद करते हैं। इससे विद्यालय का शैक्षणिक वातावरण प्रभावित होने की बात कही गई है। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
Also Read
मामले में दूसरा प्रमुख मुद्दा विद्यार्थियों को मिलने वाली नि:शुल्क साइकिल योजना का है। शिकायत के अनुसार, भीतरी क्षेत्र के पात्र विद्यार्थी करीब सात किलोमीटर पैदल चलकर स्कूल आते हैं, लेकिन उन्हें अब तक साइकिल नहीं मिली है। वहीं, आरोप लगाया गया है कि बची हुई सरकारी साइकिलों को नियम विरुद्ध तरीके से ग्रामीण क्षेत्रों में बेच दिया गया।
युवा नेता संदीप कुमार प्रजापति ने कलेक्टर से विद्यालय के अभिलेखों, साइकिल वितरण सूची और पात्र विद्यार्थियों की सूची की जांच कराने, स्टाफ, छात्रों एवं अभिभावकों के बयान दर्ज करने तथा शराब सेवन संबंधी आरोपों की नियमानुसार जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जांच में आरोप सही पाए जाने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और वंचित पात्र विद्यार्थियों को तत्काल साइकिल उपलब्ध कराई जाए, ताकि बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो।




