सिंगरौली। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस का जिला स्तरीय मुख्य समारोह राजमाता चूनकुमारी स्टेडियम, बैढ़न में आयोजित किया जाएगा। समारोह की तैयारियों को लेकर कलेक्टर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर श्री बैनल ने समारोह को गरिमामय एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने हेतु विभिन्न विभागों के अधिकारियों को पृथक-पृथक दायित्व सौंपे। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं।
जिले में गणतंत्र दिवस को गरिमामय एवं यादगार बनाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियाँ तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में कलेक्टर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में तैयारियों की अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी विभागों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि 26 जनवरी को जिले की पहचान अनुशासन, देशभक्ति और समन्वय के रूप में दिखनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को चेताया कि सौंपे गए दायित्वों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्धारित कार्यक्रम अनुसार प्रातः 8 बजे से पूर्व सभी शासकीय कार्यालयों में ध्वजारोहण किया जाएगा, जबकि मुख्य समारोह सुबह 9 बजे राजमाता चूनकुमारी स्टेडियम, बैढ़न में आयोजित होगा। देशभक्ति के रंग में शहर को रंगने के लिए 25 व 26 जनवरी की रात सभी प्रमुख शासकीय भवनों को तिरंगे प्रकाश से जगमगाने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं नगर पालिक निगम को शहर के मुख्य मार्गों को रोशनी और फूल-मालाओं से सजाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। बैठक में मंच सज्जा, स्वच्छता, बैठक व्यवस्था, ध्वनि प्रणाली एवं वैकल्पिक विद्युत व्यवस्था को लेकर भी ठोस निर्देश दिए गए।
Also Read
Read Today's E-Magazine
Swipe through the complete digital edition of Urjanchal Tiger right on your screen.



