मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में एक बेहद गंभीर और अमानवीय घटना सामने आई है। एनसीएल के निगाही कोल हैंडलिंग प्लांट (CHP) के पास एक आदिवासी युवक को उसकी पत्नी के सामने बेरहमी से पीटा गया।
बताया जा रहा है कि यह घटना करीब एक महीने पुरानी है, लेकिन अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ गया है। वीडियो में सिक्योरिटी इंचार्ज और अन्य लोग युवक के साथ मारपीट करते साफ नजर आ रहे हैं।
Also Read
क्या है पूरा घटनाक्रम
पीड़ित अन्नेलाल बैगा अपनी पत्नी के साथ जंगल में जलाऊ लकड़ी बीनने गया था। इसी दौरान वह CHP के पास पहुंच गया।
Read Today's E-Magazine
Swipe through the complete digital edition of Urjanchal Tiger right on your screen.
आरोप है कि वहां मौजूद सिक्योरिटी इंचार्ज एमडी सिंह और अन्य लोगों ने उसे पकड़कर पूछताछ शुरू कर दी। युवक ने खाना बनाने के लिए लकड़ी बीनने की बात कही, लेकिन आरोपियों ने उस पर चोरी का आरोप लगाते हुए हॉकी स्टिक से मारपीट शुरू कर दी।
करीब 10 मिनट तक लगातार युवक को पीटा गया, जिसका वीडियो अब वायरल हो चुका है।
वीडियो में दिखी बर्बरता
वायरल वीडियो में आरोपी गाली-गलौज करते हुए युवक को बेरहमी से पीटता नजर आ रहा है। युवक जमीन पर गिरकर रहम की गुहार लगाता है, लेकिन आरोपी का दिल नहीं पसीजता।
मौके पर मौजूद अन्य लोग भी आरोपी को उकसाते दिख रहे हैं, जो घटना को और गंभीर बनाता है।
पुलिस की कार्रवाई
नवानगर पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए पीड़ित की पहचान की और कार्रवाई शुरू की।पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री के अनुसार, इस मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।मामले में SC/ST एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है और दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
नेताओं की प्रतिक्रिया
इस घटना पर डॉ. विक्रांत भूरिया ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज के साथ इस तरह की बर्बरता बेहद चिंताजनक है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
वहीं स्थानीय आदिवासी नेताओं ने भी पीड़ित परिवार से मुलाकात कर न्याय की मांग की है और कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।



