नगर निगम सिंगरौली में गरिमामय वातावरण में मना 77वां गणतंत्र दिवस

UTN Hindi ।। Digital Team

Author | Updated: 26 Jan 2026, 06:56 PM IST | 0 min read
Share:

सिंगरौली। देश के 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर नगर निगम कार्यालय परिसर में देशभक्ति और उल्लास का वातावरण देखने को मिला। कार्यक्रम की शुरुआत नगर निगम महापौर श्रीमती रानी अग्रवाल द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुई। इसके पश्चात राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया और उपस्थित जनसमूह ने भारत माता के जयघोष के साथ तिरंगे को सलामी दी।

ध्वजारोहण के बाद महापौर श्रीमती रानी अग्रवाल ने संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर एवं देश के वीर शहीदों को नमन करते हुए सभी नागरिकों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस हमें उन बलिदानों की याद दिलाता है, जिनकी बदौलत आज हम स्वतंत्र भारत में खुली हवा में सांस ले रहे हैं।

महापौर ने अपने संबोधन में कहा कि हमारे लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत उसके नागरिक हैं। जिस प्रकार देश की शक्ति जनता में निहित है, उसी प्रकार नगर निगम सिंगरौली की शक्ति भी यहां के नागरिकों से ही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर निगम का हर अधिकारी और कर्मचारी जनता की सेवा के लिए प्रतिबद्ध है और आगे भी पूरी निष्ठा से कार्य करता रहेगा।

New Edition

Read Today's E-Magazine

Swipe through the complete digital edition of Urjanchal Tiger right on your screen.

Advertisement

संविधान हमें कर्तव्य और अधिकारों का संतुलन सिखाता है : आयुक्त

इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान ने भी उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि 26 जनवरी का दिन हमें संविधान की महत्ता और उसके मूल्यों की याद दिलाता है। उन्होंने शहीदों को नमन करते हुए कहा कि देश के विकास और एकता के लिए हमें अपने कर्तव्यों का पूरी ईमानदारी से पालन करना चाहिए।

आयुक्त ने कहा कि संविधान हमें न केवल अपने अधिकारों के प्रति सजग बनाता है, बल्कि दूसरों के अधिकारों का सम्मान करना भी सिखाता है। राष्ट्र, परिवार और संस्था के प्रति निष्ठा ही सच्चे नागरिक होने की पहचान है।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारी हुए सम्मानित

समारोह के दौरान नगर निगम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनके समर्पण और कार्यनिष्ठा का प्रतीक रहा।

कार्यक्रम में मेयर इन काउंसिल सदस्य श्यामला देवी, पार्षद श्रीमती सीमा जयसवाल, रामनरेश शाह, कार्यपालन यंत्री संतोष पाण्डेय, उपायुक्त आर.पी. बैस, सहायक यंत्री प्रवीण गोस्वामी, पी.के. सिंह, दिनेश तिवारी, विपिन तिवारी, सहायक विधि अधिकारी अक्षत उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

एक मजबूत लोकतंत्र की नींव जागरूक नागरिकों से ही बनती है।नगर निगम सिंगरौली का यह आयोजन न केवल संविधान के प्रति सम्मान का प्रतीक रहा, बल्कि नागरिकों को अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने का संदेश भी देता है।

ADVERTISEMENT