नशामुक्ति का संदेश लेकर सिंगरौली की सड़कों पर दौड़ी पुलिस-सीआईएसएफ की बाइक रैली।

Om Prakash Shah

Reporter | Updated: 24 Jul 2026, 09:33 PM IST | 1 min read
Share:

सिंगरौली। प्रदेशव्यापी “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के तहत शुक्रवार को सिंगरौली में जिला पुलिस और सीआईएसएफ द्वारा नशामुक्ति जागरूकता बाइक रैली निकाली गई। पुलिस अधीक्षक षियाज़ के.एम. एवं सीआईएसएफ के वरिष्ठ कमांडेंट श्री किलारे ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और स्वयं भी बाइक चलाकर अभियान में शामिल हुए।

पुलिस मुख्यालय मध्यप्रदेश के निर्देशन में संचालित प्रदेशव्यापी “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के तहत शुक्रवार को सिंगरौली में नशामुक्ति जनजागरूकता के उद्देश्य से जिला पुलिस एवं सीआईएसएफ द्वारा भव्य बाइक रैली निकाली गई। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से प्रारंभ हुई रैली को पुलिस अधीक्षक श्री षियाज़ के.एम. और सीआईएसएफ के वरिष्ठ कमांडेंट श्री किलारे ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। दोनों अधिकारियों ने स्वयं भी बाइक चलाकर रैली में भाग लिया और युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील की।

रैली पुलिस अधीक्षक कार्यालय से माजन मोड़, कॉलेज तिराहा, यातायात तिराहा, मस्जिद तिराहा, थाना विंध्यनगर, तुलसी मार्ग और अंबेडकर चौक होते हुए पुनः पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर संपन्न हुई। रैली में महिला पुलिस बल, जिला पुलिस एवं सीआईएसएफ के अधिकारी-कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने हाथों में “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0”, “Say No To Drugs” और “नशामुक्त युवा, सशक्त भारत” जैसे संदेशों वाली तख्तियां लेकर आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया।

रैली के समापन पर सीआईएसएफ के वरिष्ठ कमांडेंट श्री किलारे ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रतिभागियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने स्वयं नशे से दूर रहने और समाज को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प दिलाया।

पुलिस अधीक्षक श्री षियाज़ के.एम. ने बताया कि “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के तहत जिलेभर में लगातार जनजागरूकता कार्यक्रम, जनसंपर्क अभियान और प्रवर्तन कार्रवाई संचालित की जा रही है, ताकि युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाकर नशामुक्त, स्वस्थ और सुरक्षित समाज का निर्माण किया जा सके।

ADVERTISEMENT