रीवा/सिंगरौली। मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने शुक्रवार को नवीन सर्किट हाउस सभागार में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में ललितपुर – सिंगरौली रेलवे परियोजना की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यह रेल लाइन केवल परिवहन परियोजना नहीं, बल्कि विन्ध्य क्षेत्र की विकास रेखा है। इसके पूर्ण होते ही पूरे क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों, व्यापार और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सीधी–सिंगरौली हाईवे और रेलवे लाइन के निर्माण से एक नया इंडस्ट्रियल कॉरिडोर विकसित होगा। इससे विन्ध्य क्षेत्र की सीधी कनेक्टिविटी पूर्वोत्तर राज्यों से स्थापित होगी, जिससे आवागमन आसान होने के साथ-साथ आर्थिक गतिविधियों में भी तेजी आएगी।
2028 तक हर हाल में पूरा होगा प्रोजेक्ट
बैठक में निर्देश दिए गए कि
- सीधी से सिंगरौली रेल लाइन का निर्माण कार्य 2028 तक हर हाल में पूरा किया जाए।
- रीवा से सीधी स्टेशन तक का कार्य अप्रैल 2026 तक पूरा किया जाए, ताकि रेवांचल एक्सप्रेस का विस्तार सीधी तक किया जा सके।
- पन्ना से खजुराहो रेल लाइन का कार्य भी तय समयसीमा में पूर्ण किया जाए।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि रेलवे और जिला प्रशासन आपसी समन्वय से सभी बाधाओं को दूर करें। भू-अर्जन की प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
भू-अर्जन में तेजी लाने के निर्देश, किसानों के हित सुरक्षित
बैठक में स्पष्ट किया गया कि
- सीधी से गजरही तक भू-अर्जन पूरा हो चुका है।
- गजरही से गोपद नदी और सिंगरौली तक भू-अर्जन तेजी से किया जाए।
- मुआवजा वितरण के बाद यदि कोई कार्य में बाधा डालता है तो सख्त कार्रवाई की जाए।
- रेलवे अधिकारी प्रत्येक सोमवार को कलेक्ट्रेट की टीएल बैठक में उपस्थित रहकर प्रकरणों का समाधान करें।
कलेक्टरों को निर्देश दिए गए कि वे साप्ताहिक समीक्षा कर प्रगति की निगरानी करें।
सांसदों ने रखी क्षेत्रीय मांगें
बैठक में रीवा सांसद जनार्दन मिश्र ने कहा कि
- रीवा रेलवे स्टेशन पर मेंटेनेंस डिपो का निर्माण शीघ्र शुरू किया जाए।
- लंबी दूरी की ट्रेनों का संचालन रीवा से प्रारंभ किया जाए।
- वहीं सीधी सांसद डॉ. राजेश सिंह ने कहा कि
- इस वर्ष सीधी तक ट्रेन पहुंचना क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि होगी।
- सिंगरौली–व्यौहारी रेलवे लाइन में संजय टाइगर रिजर्व को बायपास करने हेतु प्रस्तावित 45 किलोमीटर नई डबल लाइन का कार्य तेज किया जाए।
रेलवे ने दी प्रगति रिपोर्ट
पश्चिम मध्य रेलवे की महाप्रबंधक शोभना बंदोपाध्याय ने बताया कि
- 31 मार्च 2026 तक सीधी रेल लाइन का कार्य पूरा करने का लक्ष्य है।
- सिंगरौली तक रेल लाइन दिसंबर 2028 तक पूरी होगी।
- सतना से पन्ना (सकरिया) तक मार्च 2026 तक ट्रैक बिछ जाएगा।
- पन्ना से अजयगढ़ और खजुराहो तक कार्य में लगभग 18 महीने लगेंगे।
- वन विभाग से अनुमति मिलने के बाद कार्य में और तेजी आएगी।
उन्होंने बताया कि पश्चिम मध्य रेलवे को वर्ष 2024-25 के लिए गोविंद वल्लभ पंत शील्ड से सम्मानित किया गया है।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में कमिश्नर बीएस जामोद, कलेक्टर रीवा प्रतिभा पाल, कलेक्टर सीधी स्वरोचिष सोमवंशी, कलेक्टर सिंगरौली गौरव बैनल, पश्चिम मध्य रेलवे के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी एमएस हाशमी सहित रेलवे व प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।











